छत्तीसगढ़रायगढ़

“ऑपरेशन आघात” में रायगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार, घर की बाड़ी में बन रही 50 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

चक्रधरनगर पुलिस की एकताल गांव में ताबड़तोड़ रेड कार्रवाई, अवैध शराब कारोबार पर कसा शिकंजा

रायगढ़। जिले में नशे और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के ग्राम एकताल में अवैध महुआ शराब बनाने और बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 50 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी, घर के पास चल रहा था अवैध कारोबार

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 6 मई 2026 को थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम एकताल स्कूलपारा में रेड कार्रवाई की।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम एकताल निवासी संदीप चौहान अपने घर के पास अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण और बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।

दो प्लास्टिक झिल्ली में मिली 50 लीटर कच्ची महुआ शराब, मौके से जब्त किए गए उपकरण

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संदीप चौहान पिता सत्यनारायण चौहान उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम एकताल स्कूलपारा थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़ बताया। तलाशी के दौरान आरोपी ने अपने घर की बाड़ी से दो प्लास्टिक झिल्ली में रखी कच्ची महुआ शराब पुलिस के सामने पेश की।

इनमें एक झिल्ली में 30 लीटर और दूसरी में 20 लीटर शराब भरी हुई थी। कुल 50 लीटर कच्ची महुआ शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस को शराब निर्माण और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शराब एवं निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई।

आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी संदीप चौहान के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक रवि साय, आरक्षक संदीप कौशिक, चन्द्र कुमार बंजारे एवं आरक्षक मिनकेतन पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अवैध शराब और नशे के कारोबारियों पर लगातार जारी रहेगा अभियान — एसएसपी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में अवैध शराब, नशे और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। समाज को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों पर कठोर और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी तथा कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button