Uncategorised

ऑपरेशन “आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 98 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त

Advertisement

रायगढ़, 13 मई। तमनार, भूपदेवपुर और चक्रधरनगर में अलग-अलग कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 98 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान दो महिला एवं दो पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

तमनार पुलिस ने 60 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ आरोपी को पकड़ा
थाना तमनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सारसमाल कुधरी भदरा खेत के पास एक व्यक्ति हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बिक्री के लिए रखा हुआ है। सूचना पर थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी परमानंद उरांव पिता उदेश्वर उरांव उम्र 43 वर्ष को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक डिब्बों और जरीकेनों में भरी कुल 60 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद कर जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई में महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार और पुष्षोत्तम सिदार शामिल रहे।

भूपदेवपुर पुलिस ने किरीतमाल में दबिश देकर 8 लीटर शराब जब्त की
थाना प्रभारी संजय नाग के नेतृत्व में भूपदेवपुर पुलिस ने ग्राम किरीतमाल में आरोपी गंगाधर सिदार पिता स्वर्गीय डमरूधर सिदार उम्र 59 वर्ष के बाड़ी में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से दो जरीकेनों में भरी कुल 8 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर उसके विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई।

बालसमुंद में चक्रधरनगर पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, दो महिला आरोपी गिरफ्तार
बालसमुंद मोहल्ला में अवैध शराब बिक्री की लगातार शिकायत मिलने पर चक्रधरनगर पुलिस टीम ने उप निरीक्षक गेंदलाल साहू, प्रधान आरक्षक रवि साय और महिला प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना के नेतृत्व में छापेमारी की।
पहली कार्रवाई में आरोपी रेखा कुजूर पति सुवर्ण उम्र 23 वर्ष निवासी बालसमुंद वार्ड क्रमांक 27 के कब्जे से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब और शराब बनाने में प्रयुक्त सिल्वर पात्र जब्त किया गया।
दूसरी कार्रवाई में आरोपी दुर्गावती यादव पति सुदामा यादव उम्र 30 वर्ष निवासी बालसमुंद के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

ऑपरेशन “आघात” के जरिए अवैध शराब नेटवर्क पर पुलिस का लगातार प्रहार
रायगढ़ पुलिस द्वारा जिलेभर में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से अवैध शराब के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब का निर्माण, भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि आसपास इस तरह की गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button