छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री की कुसमुरा सभा में विकास की बड़ी सौगात, 102 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

Advertisement

रायगढ़। सुशासन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ जिले के कुसमुरा में आयोजित धन्यवाद सभा के दौरान विकास और सुशासन को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि कुसमुरा की पवित्र धरती पर आकर उन्हें खुशी और गर्व का अनुभव हो रहा है। यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास एवं विकास का मजबूत संबंध है।

मुख्यमंत्री ने जिले में 102 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सीधे जनता तक पहुंचकर सुशासन को मजबूत करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को नई गति मिली है और अब लोग खुद महसूस कर रहे हैं कि प्रदेश बदल रहा है।

सुशासन तिहार के जरिए समस्याओं के समाधान पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 मई से 10 जून तक प्रदेश में सुशासन तिहार आयोजित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान चलाकर हजारों लंबित राजस्व मामलों का निराकरण किया गया है।

उन्होंने कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के लिए कई बड़े फैसले लिए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख परिवारों को आवास की स्वीकृति दी गई है, जबकि करीब 10 लाख आवास पूरे हो चुके हैं। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और 13 लाख किसानों को 3716 करोड़ रुपए बोनस राशि दी गई है।

महिलाओं और गरीब परिवारों के लिए योजनाओं का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने की बात कहते हुए भविष्य में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू करने की घोषणा की, जिससे लोग घर बैठे शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की भी जानकारी दी, जिसके जरिए उपभोक्ताओं को राहत दी जा रही है।

क्षेत्र के लिए कई नई घोषणाएं

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्र की मांगों को ध्यान में रखते हुए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने ग्राम सूपा, घुघुवा, पुटकापुरी, तारापुर, उसरौट और काशीचुआं को जोड़ने वाली सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की घोषणा की। इसके अलावा कुसमुरा में महतारी सदन, धनागर सोसायटी के लिए गोदाम निर्माण और उप स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन का भी आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती बल्कि समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कर जनता तक लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

वित्त मंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

कार्यक्रम में वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रदेश में सुशासन और विकास का नया दौर शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार, नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, अरुणधर दीवान, श्रीकांत सोमावार, छाया विधायक महेश साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button