छत्तीसगढ़ में इबोला (Ebola) को लेकर अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए सख्त निर्देश

रायपुर। दुनियाभर में इबोला (Ebola) संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ ने सभी संबंधित अधिकारियों को संक्रमण की रोकथाम और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जरूरी निर्देश जारी किए हैं।
एयरपोर्ट पर कड़ी स्क्रीनिंग और निगरानी के निर्देश
जारी निर्देशों में कहा गया है कि राज्य के एयरपोर्ट पर आने वाले सभी यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और स्क्रीनिंग व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए। इसके लिए एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि समन्वय और निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।
संदिग्ध यात्रियों की पहचान होने पर तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
आइसोलेशन और आपातकालीन व्यवस्था को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी संभावित संक्रमण की स्थिति से निपटने के लिए आइसोलेशन वार्ड, रेफरल सिस्टम और आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्था पूरी तरह तैयार रखी जाए। जिला स्तर पर भी निगरानी तंत्र को सक्रिय करने के निर्देश जारी हुए हैं।
कांगो और युगांडा में बढ़ते मामलों के बाद बढ़ी सतर्कता
गौरतलब है कि कांगो और युगांडा में इबोला (Ebola) संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी के बाद वैश्विक स्तर पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organization) ने पहले ही इसे अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है। इसी के मद्देनजर भारत सहित विभिन्न देशों में एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।






