छत्तीसगढ़

नौतपा की भीषण गर्मी बनी जानलेवा, हीट स्ट्रोक से ट्रक चालक की मौत; 44 डिग्री पहुंचा तापमान

Advertisement

चांपा। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी अब लोगों के लिए गंभीर चिंता का कारण बनती जा रही है। नौतपा के दौरान मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रहा। तेज धूप और लू जैसे हालात के बीच हीट स्ट्रोक की आशंका से एक ट्रक चालक की मौत का मामला सामने आया है।

तबीयत बिगड़ने के बाद रास्ते में हुई मौत

जानकारी के अनुसार झारखंड निवासी 47 वर्षीय ट्रक चालक नरेश रोहिदास बलौदा बाजार से सामान लेकर जमशेदपुर जा रहा था। इसी दौरान केरा के पास अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि अत्यधिक गर्मी और लू के कारण उसे चक्कर आने लगे थे।

हालत बिगड़ने पर पहले उसे केरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

दोपहर से शाम तक झुलसाता रहा मौसम

मंगलवार को दोपहर में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया और शाम पांच बजे तक भी पारा 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा। रात में भी गर्म हवाओं का असर जारी रहा, जिससे लोगों को पंखे और कूलर से भी राहत नहीं मिल सकी।

तेज गर्मी और उमस के कारण दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दिया। लोग घरों में रहने को मजबूर नजर आए।

अगले चार दिन और बढ़ सकती है परेशानी

मौसम विभाग के अनुसार नौतपा की शुरुआत से ही गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। विभाग ने अगले चार दिनों तक तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने और लू चलने की संभावना जताई है।

प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button