
रायगढ़/खरसिया | 01 जून 2026
GT Vs RCB फाइनल पर चल रहा था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, पुलिस ने की छापेमारी
रायगढ़ पुलिस ने जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत खरसिया में बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल फाइनल GT Vs RCB मैच पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। साइबर थाना और खरसिया चौकी की संयुक्त टीम ने दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।
गंज बाजार में रेड, सटोरियों के नेटवर्क का खुलासा
सूचना के आधार पर पुलिस ने खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल उर्फ कालू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे अन्य साथियों के साथ मिलकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे।

मोबाइल से मिले सट्टेबाजी के तकनीकी सबूत
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किए, जिनमें ऑनलाइन सट्टा आईडी और लेनदेन से जुड़े अहम डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। जांच में रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के नाम भी सामने आए हैं।
31.99 लाख रुपये नकद और नोट गिनने की मशीन बरामद
आरोपियों से मिली जानकारी के बाद पुलिस टीम ने साहिल अग्रवाल के ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वह फरार हो गया। तलाशी के दौरान दो बैग और नोट गिनने की मशीन मिली, जिनमें कुल 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए गए। राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
संगठित गिरोह बनाकर चल रहा था सट्टा कारोबार
जांच में सामने आया कि सभी आरोपी मिलकर संगठित तरीके से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट चला रहे थे। इस पर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पहले भी सट्टे में फंस चुका है एक आरोपी
पुलिस के अनुसार गगन अग्रवाल का नाम पहले भी मार्च महीने में चक्रधरनगर क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा मामले में सामने आ चुका है।
एसएसपी का सख्त संदेश: कार्रवाई लगातार जारी रहेगी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन अंकुश के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।”
गिरफ्तार आरोपी
- गगन अग्रवाल
- शुभम अग्रवाल उर्फ कालू
जब्त सामग्री
- 31,99,700 रुपये नकद
- 2 मोबाइल फोन
- नोट गिनने की मशीन






