रायपुर में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क का चौथा बड़ा विस्तार, देश के प्रमुख केंद्रों में शामिल होने की तैयारी अंतिम चरण में

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जेम्स एवं ज्वेलरी उद्योग को नई पहचान देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुंबई, सूरत और कोलकाता के बाद यह देश का चौथा जेम एंड ज्वेलरी पार्क होगा। वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की पहल पर राजधानी रायपुर के पंडरी क्षेत्र में लगभग 9.616 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक जेम्स एवं ज्वेलरी पार्क विकसित किया जाएगा। पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर बनने वाली इस परियोजना को मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली पीपीपी एप्रेजल कमेटी से मंजूरी मिल चुकी है। 30 वर्ष की लीज अवधि (नवीनीकरण सहित कुल 90 वर्ष) और आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह पार्क प्रदेश में निवेश, रोजगार और उद्योग विकास के नए अवसर सृजित करेगा।
प्रस्तावित जेम्स एवं ज्वेलरी पार्क को केवल सराफा कारोबार का केंद्र ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के पहले ‘वेडिंग डेस्टिनेशन मॉल’ के रूप में भी विकसित किया जाएगा। परियोजना के तहत लगभग 3.5 लाख वर्गफुट क्षेत्र विशेष रूप से जेम्स एवं ज्वेलरी व्यापारियों, थोक विक्रेताओं, आयातकों-निर्यातकों और वर्कशॉप उपयोगकर्ताओं के लिए आरक्षित रहेगा। चतुर्थ तल पर सम्मेलन, व्यापार बैठक एवं प्रदर्शनी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। यहां आधुनिक दुकानें, थोक कार्यालय, सुरक्षित वर्कशॉप, सम्मेलन एवं प्रदर्शनी सुविधाओं के साथ केंद्रीयकृत सुरक्षा और अत्याधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। परियोजना में बीआईएस एवं हॉलमार्किंग केंद्र, सामान्य सुविधा केंद्र, बैंकिंग सुविधा, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास संस्थान तथा स्वास्थ्य केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे।
वेडिंग डेस्टिनेशन मॉल’ का भी विकास
वहीं, शेष उपलब्ध एफएआर क्षेत्र में डेवलपर को वाणिज्यिक और मनोरंजन गतिविधियों के विकास की स्वतंत्रता दी गई है। इसके तहत परिधान, फूल-सज्जा, फोटोग्राफी, विवाह आयोजन और अन्य विवाह-संबंधित कारोबारों के लिए स्थान विकसित किए जाएंगे, जिससे यह परिसर एक समेकित ‘वेडिंग डेस्टिनेशन मॉल के रूप में उभर सकेगा।
रोजगार के नए अवसर मिलेंगे
इस परियोजना राज्य में व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। साथ-साथ रायपुर को जेम्स एवं ज्वेलरी कारोबार के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। पार्क की स्थापना से रायपुर एवं आसपास के राज्यों के ग्राहकों को विश्वस्तरीय जेम्स एवं ज्वेलरी खरीदारी का अनुभव प्राप्त होगा। स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों एवं व्यापारियों के लिए रोजगार के नये अवसर सृजित होंगे।
टेंडर की प्रक्रिया जारी
सीएसआईडीसी द्वारा आरपीएफ 24 अप्रैल को जारी किया गया। बोलियाँ 15 मई तक प्राप्त की गई। उसी दिन तकनीकी बोलियाँ विधिवत खोली गई। वर्तमान में बोली मूल्यांकन समिति द्वारा प्राप्त बोलियों का तकनीकी एवं वित्तीय मूल्यांकन प्रक्रिया प्रगति पर है। जो बोलीदाता तकनीकी चरण में अर्ह पाये जाएंगे उन्हें वित्तीय बोली खोले जाने की तिथि से सूचित किया जाएगा। निविदा प्रक्रिया में बोली का आधार जेम एंड ज्वेलरी पार्क के लिए अधिकतम लीज प्रीमियम होगा। शीघ्र ही सफल बोलीदाता का चयन कर परियोजना कार्यान्वयन के लिए करार किया जाएगा।
सराफा उद्योग के लिए ऐतिहासिक : राजीव अग्रवाल
सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल में बताया कि 2015 से यह परियोजना अटकी हुई थी। छत्तीसगढ़ के सराफा उद्योग के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। कौशल विकास, बीआईएस प्रमाणन एवं हॉलमार्किंठा सुविधाओं के माध्यम से उत्पाद की गुणवता एवं उपभोक्ता विश्वास में वृद्धि होगी। पीपीसी मोड पर विकास के कारण राज्य शासन पर न्यूनतम वित्तीय भार पड़ेगा।






