महतारी वंदन योजना: छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए बड़ी खबर, जल्द खुलेगा पोर्टल, नए आवेदन की तैयारी शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए एक बड़ी राहत और खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से इंतजार कर रही हितग्राही महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना का पोर्टल फिर से खोले जाने की तैयारी शुरू हो गई है। सरकार की ओर से संकेत दिए गए हैं कि अगले एक सप्ताह के भीतर पोर्टल दोबारा सक्रिय किया जा सकता है।
एक सप्ताह में खुल सकता है पोर्टल
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि महतारी वंदन योजना का पोर्टल जल्द ही फिर से खोला जाएगा। शुरुआत में यह सुविधा बस्तर संभाग की महिलाओं के लिए उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके बाद अन्य संभागों की महिलाओं को भी आवेदन का अवसर मिलेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि इस चरण में आत्मसमर्पित नक्सली महिलाओं को भी योजना के तहत आवेदन करने का अवसर दिया जाएगा।
हर महीने 70 लाख महिलाओं को मिल रहा लाभ
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार वर्तमान में लगभग 70 लाख महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से भेज रही है। अब नए पात्र हितग्राहियों को भी योजना से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मार्च 2024 से लागू है योजना
महतारी वंदन योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, पोषण सुधार और सामाजिक निर्णय क्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से मार्च 2024 में शुरू किया गया था। अब तक इस योजना के तहत 28 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है।
योजना की पात्रता और लाभ
योजना का लाभ उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जो—
- छत्तीसगढ़ की स्थानीय निवासी हों
- विवाहित हों या विधवा, तलाकशुदा अथवा परित्यक्ता महिला हों
- आवेदन वर्ष के 1 जनवरी को उनकी आयु 21 वर्ष या उससे अधिक हो
पात्र महिलाओं को प्रतिमाह ₹1000 की सहायता राशि DBT के माध्यम से दी जाती है। यदि किसी अन्य पेंशन योजना से कम राशि मिल रही है, तो सरकार अंतर की राशि भी प्रदान करती है।
महिलाओं में बढ़ी उम्मीद
पोर्टल दोबारा खुलने की घोषणा के बाद राज्य की महिलाओं में फिर से आवेदन को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। अब सभी की नजरें आधिकारिक पोर्टल खुलने की तारीख पर टिकी हैं।







