AI वीडियो विवाद: रायपुर में वायरल कंटेंट पर बवाल, धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में FIR दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर वायरल एक AI-जनरेटेड वीडियो को लेकर विवाद गहरा गया है। आरोप है कि फेसबुक पर साझा किए गए वीडियो में ईसा मसीह को हिंदू देवी-देवताओं से श्रेष्ठ बताया गया, साथ ही भगवान शिव और भगवान विष्णु के संबंध में भी आपत्तिजनक दावे किए गए। इस कंटेंट को लेकर हिंदू संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताई है।
सिविल लाइन थाने पहुंचकर संगठनों ने सौंपा ज्ञापन
मामले को लेकर राम भक्त सेना सहित कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता रायपुर के सिविल लाइन थाना पहुंचे। उन्होंने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी भी की।
समाज में वैमनस्य फैलाने का आरोप
संगठनों का कहना है कि इस प्रकार की सामग्री न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करती है, बल्कि समाज में तनाव और वैमनस्य फैलाने का भी प्रयास है। उन्होंने वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज
शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो किसने तैयार किया, किस उद्देश्य से पोस्ट किया गया और इसके पीछे की वास्तविक मंशा क्या थी।
जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







