Uncategorised

सक्ती ब्लाइंड मर्डर का चौंकाने वाला खुलासा : प्रेमी और उसकी पत्नी ने 4 लाख की सुपारी देकर कराई पूर्णिमा की हत्या, 9 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement
Advertisement

सक्ती । छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम जोंगरा में 26 जून 2026 को हुई पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज चार दिनों में खुलासा कर दिया है। इस ब्लाइंड मर्डर की साजिश किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं, बल्कि मृतिका के प्रेमी और उसकी पत्नी ने रची थी। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने पूर्णिमा को रास्ते से हटाने के लिए 4 लाख रुपये की सुपारी देकर भाड़े के शूटरों से हत्या करवाई। मामले में महिला सहित सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।


26 जून को गोली मारकर की गई थी हत्या

पुलिस के अनुसार 26 जून को सूचना मिली थी कि ग्राम जोंगरा निवासी पूर्णिमा चौहान को दो नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल से गोली मार दी और बाइक से फरार हो गए। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही पूर्णिमा की मौत हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग और सक्ती एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।


प्रेम संबंध बना हत्या की जड़

जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल टावर डंप, कॉल डिटेल्स और CCTV फुटेज खंगाले। संदेह के आधार पर रायगढ़ निवासी चम्पा चौहान से पूछताछ की गई। पहले उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ी पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया।

चम्पा ने बताया कि उसका पति मुरलीशंकर चौहान और मृतिका पूर्णिमा साथ में आयुर्वेदिक दवाइयों के प्रचार-प्रसार का काम करते थे। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। बाद में मुरलीशंकर ने दूरी बना ली, लेकिन पूर्णिमा लगातार शादी का दबाव बना रही थी। यही बात हत्या की वजह बनी।


4 लाख की सुपारी देकर रची गई खौफनाक साजिश

पति-पत्नी ने पूर्णिमा को रास्ते से हटाने का फैसला किया और झारखंड के अपराधी राजेंद्र महंत से संपर्क किया। हत्या के लिए 4 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बाद राजेंद्र ने अपने साथियों के साथ पूरी साजिश तैयार की।


शूटरों ने गांव पहुंचकर बरसाईं गोलियां

योजना के मुताबिक 26 जून को सुनील महंत और गौरीशंकर सिदार बाइक से जोंगरा पहुंचे। वहां गौरीशंकर ने पिस्तौल से पूर्णिमा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही पूर्णिमा जमीन पर गिर गई और हमलावर मौके से फरार हो गए।

वारदात के बाद चम्पा चौहान ने आरोपियों को एडवांस के तौर पर 2 लाख रुपये दे दिए।


महाराष्ट्र और झारखंड से पकड़े गए आरोपी

हत्या के बाद आरोपी अलग-अलग राज्यों में फरार हो गए। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर राजेंद्र महंत को जमशेदपुर (झारखंड) से और गौरीशंकर सिदार व सुनील महंत को पुणे (महाराष्ट्र) से दबोचा। इसके बाद अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।


हथियार, बाइक और नगदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल पिस्तौल, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, कई मोबाइल फोन, पासबुक और सुपारी की बची हुई नगदी रकम बरामद की है।


9 आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे

पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या मामले में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य साजिशकर्ता चम्पा चौहान और उसका पति मुरलीशंकर चौहान भी शामिल हैं।


पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस हाई-प्रोफाइल ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने में निरीक्षक लखन लाल पटेल, कमल किशोर महतो, अमित सिंह, उप निरीक्षक सी.पी. कंवर सहित सक्ती पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

चार दिनों के भीतर मामले का खुलासा कर सक्ती पुलिस ने एक जटिल हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button