मानसून से पहले सक्रिय हुआ नगर निगम, महापौर ने पैठूडबरी नाले की सफाई का किया निरीक्षण

रायगढ़। शहर में मानसून के दौरान जलभराव और जल निकासी की समस्याओं को देखते हुए महापौर जीवर्धन चौहान ने रेलवे स्टेशन स्थित होटल पथिक के सामने पैठूडबरी नाले का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद रहकर चेंबर हटवाकर नाले की सफाई कराई और पूरे कार्य की निगरानी की।
मौके पर उतरकर कराया नाले की सफाई कार्य
निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर चेंबर हटवाया और नाले की सफाई कार्य को गति दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के सभी प्रमुख नालों और चेंबरों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश में जलभराव की स्थिति न बने।
जलभराव रोकने पर नगर निगम की प्राथमिकता
जीवर्धन चौहान ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना और जल निकासी व्यवस्था को सुचारू रखना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बरसात के पूरे मौसम में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
सफाई कर्मियों का किया उत्साहवर्धन
महापौर ने नाले के भीतर उतरकर कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे सफाई कर्मियों की सराहना की और उन्हें “स्वच्छ रायगढ़ के वास्तविक नायक” बताया। उन्होंने कहा कि इनके समर्पण से ही शहर की स्वच्छता और व्यवस्था बनी रहती है।
संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी के निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए और जहां भी जल निकासी बाधित हो, वहां तुरंत सफाई कर समस्या का समाधान किया जाए।







