बेंगलुरु की खदान में बड़ा हादसा, चट्टान खिसकने से 8 मजदूरों की मौत, GPM का युवक भी शामिल

बेंगलुरु/छत्तीसगढ़। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के मडपट्टना क्षेत्र में स्थित एक पत्थर खदान में बड़ा हादसा हो गया। भारी-भरकम चट्टान खिसकने से 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले का एक युवक भी शामिल है।
छत्तीसगढ़ का धर्मेंद्र सिंह हादसे का शिकार
मृतकों में GPM जिले के निवासी 28 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह भी शामिल हैं। वह पिछले पांच वर्षों से खदान में ब्लास्टिंग मशीन ऑपरेटर के रूप में काम कर रहा था। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।
साथी मजदूरों से मिली मौत की सूचना
परिजनों ने बताया कि उन्हें इस हादसे की जानकारी किसी अधिकारी से नहीं, बल्कि धर्मेंद्र के साथ काम करने वाले मजदूरों से मिली। पिता लाल सिंह ने बताया कि धर्मेंद्र परिवार का सहारा था और हर महीने घर पैसे भेजता था।
परिवार ने शव वापस लाने की मांग की
परिजनों ने मांग की है कि धर्मेंद्र का शव जल्द से जल्द गृह ग्राम पेंड्रा लाया जाए। साथ ही कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच और मुआवजे की मांग भी की गई है।
सरकार और प्रशासन की प्रतिक्रिया
कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खड़गे ने हादसे पर दुख जताते हुए बताया कि मडपट्टना की खदान में चट्टान गिरने से कई मजदूरों की मौत हुई है, जिनमें अधिकतर अन्य राज्यों से थे।
उन्होंने कहा कि खान एवं भूविज्ञान विभाग और गृह विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति की जांच की जा रही है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरआर अस्पताल भेजा गया है।
जांच के आदेश
अधिकारियों ने कहा है कि हादसे की विस्तृत रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं इस दर्दनाक घटना ने मजदूर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







