देशी कट्टा : कार से हथियार बरामद, दो युवक गिरफ्तार; तीसरा आरोपी फरार

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कार से एक देशी कट्टा बरामद किया है। मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हथियार के साथ कार भी जब्त कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ओडिशा से रायगढ़ आ रही कार की घेराबंदी
चक्रधर नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से रायगढ़ आ रही एक सफेद रंग की कार में सवार कुछ युवक देशी कट्टा लेकर शहर पहुंच रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने पहाड़ मंदिर रोड पर वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान संदिग्ध कार कुछ दूरी पर रुक गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसमें सवार युवकों को पकड़ लिया।
कार की तलाशी में मिला देशी कट्टा
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान हरीश यादव (26) निवासी बजरंग रामभांठा और प्रहलाद केवट (24) निवासी उच्चभिट्टी, किरोड़ीमल नगर के रूप में बताई। कार की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखा एक देशी कट्टा बरामद किया गया।
हथियार बेचने की थी तैयारी, तीसरा आरोपी फरार
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि देशी कट्टा योगेश चौहान उर्फ साहिल, निवासी बंगलापारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र, ने बिक्री के उद्देश्य से खरीदा था। कार्रवाई के दौरान योगेश चौहान मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
कट्टा और कार जब्त, मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 हजार रुपये कीमत का देशी कट्टा और लगभग 4 लाख रुपये मूल्य की कार जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







