बनोरा स्थित अघोर गुरुपीठ ट्रस्ट में 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव, हवन, सामूहिक पाठ और संत श्री प्रियदर्शी राम जी का आशीर्वचन

रायगढ़। गुरु-शिष्य परंपरा के पावन पर्व गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रायगढ़ जिले के ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरुपीठ ब्रह्मनिष्ठालय में 29 जुलाई को भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। पूज्यपाद औघड़ संत श्री प्रियदर्शी राम जी के सानिध्य में आयोजित इस आध्यात्मिक समारोह में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गुरु भक्त शामिल होंगे।
अघोर गुरुपीठ ट्रस्ट के अनुसार आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। गुरु पूर्णिमा से एक दिन पूर्व 28 जुलाई को सुबह 6:30 बजे से संध्या तक गुरुपीठ परिसर में सफाई एवं श्रमदान का आयोजन होगा। ट्रस्ट ने बताया कि सेवा और श्रमदान की भावना ही इस आयोजन की आधारशिला है।
29 जुलाई का कार्यक्रम
- सुबह 6:30 बजे – शक्ति ध्वज पूजन एवं सफलयोनी पाठ
- सुबह 7:00 बजे – पूज्यपाद श्री प्रियदर्शी राम जी के करकमलों से श्री गुरुचरण पादुका पूजन एवं हवन
- सुबह 8:00 बजे – सामूहिक आरती
- सुबह 8:30 बजे – गुरुगीता का सामूहिक पाठ
- सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक – श्री गुरु दर्शन
- दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक – सामूहिक प्रसाद वितरण
- शाम 4:30 बजे – सत्संग एवं श्री गुरुदेव का आशीर्वचन
ट्रस्ट के व्यवस्थापक मंडल ने सभी श्रद्धालुओं, धर्मबंधुओं एवं मातृशक्ति से आयोजन में सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाले गुरु के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और समर्पण व्यक्त करने का अवसर है। श्रमदान, सत्संग और सामूहिक साधना के माध्यम से समाज में सेवा, शांति और संस्कार का संदेश प्रसारित करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
“गुरु गोविंद दोऊ खड़े, काके लागूं पाय।
बलिहारी गुरु आपने, गोविंद दियो बताय।”







