Uncategorised

Murder Case Raigarh : संदिग्ध मौत का खुलासा, पत्नी और दो नाबालिगों ने की थी हत्या, आत्महत्या दिखाने की रची साजिश

Advertisement
Advertisement
Advertisement

रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे से मिले ग्रामीण के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में यह मामला हत्या का निकला। पुलिस ने मृतक की पत्नी और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले गला घोंटकर हत्या की और फिर वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था शव

शनिवार को मृतक गणपतिलाल भगत (50) के दामाद सोनसाय उरांव ने पूंजीपथरा थाना पहुंचकर सूचना दी कि गणपतिलाल का शव किराए के कमरे में तख्त पर पड़ा है। शव के गले में साड़ी जैसा कपड़ा बंधा था और बाएं हाथ की कलाई पर कटने के निशान मिले। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल की परिस्थितियां और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की आशंका सामने आने पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।

पूछताछ में पत्नी ने कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में मृतक की पत्नी गंगाबाई भगत (45) ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि पैतृक जमीन गारे-पेलमा माइंस में अधिग्रहित होने पर परिवार को 25 से 30 लाख रुपये का मुआवजा मिला था, जिसे मृतक शराब में खर्च कर देता था। पैसे मांगने पर वह आए दिन विवाद और मारपीट करता था।

साड़ी और गमछे से घोंट दिया गला

आरोपी महिला के अनुसार, 23 जुलाई की सुबह गणपतिलाल शराब के नशे में घर आया और उसके साथ मारपीट करने लगा। लगातार प्रताड़ना और विवाद से परेशान होकर उसने रिश्ते के दो नाबालिग लड़कों के साथ मिलकर साड़ी और गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।

आत्महत्या का रूप देने की कोशिश

हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से आरोपियों ने ब्लेड से मृतक की बाईं कलाई की नस काट दी और उस पर कपड़ा रख दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। हालांकि वैज्ञानिक जांच, फॉरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

पुलिस ने महिला और दोनों नाबालिग आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। महिला को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि दोनों नाबालिगों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि हर संदिग्ध मौत की वैज्ञानिक और तथ्यपरक तरीके से जांच की जाती है। इस मामले में फॉरेंसिक साक्ष्यों और सूक्ष्म विवेचना के आधार पर हत्या की साजिश का पर्दाफाश किया गया।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button