बंगुरसिया में सड़क पर आया हाथियों का दल, वन विभाग ने रोका आवागमन

रायगढ़, 31 जुलाई 2026। रायगढ़ जिले के बंगुरसिया क्षेत्र में हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है। गुरुवार शाम करीब 6 बजे हाथियों का झुंड अचानक सड़क पर पहुंच गया, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर वन विभाग ने दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी।
रात 2 बजे तक सड़क के आसपास मौजूद रहा दल
जानकारी के अनुसार, हाथियों का दल लंबे समय से बंगुरसिया क्षेत्र में सक्रिय है। गुरुवार शाम सड़क पर हाथियों के पहुंचने से क्षेत्र में लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को सतर्क करते हुए यातायात बंद कराया।
सुरक्षा को लेकर वन विभाग अलर्ट
वन विभाग के कर्मचारियों ने हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। हाथियों का दल रात करीब 2 बजे तक सड़क और आसपास के क्षेत्र में मौजूद रहा। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए वन अमले ने निगरानी बनाए रखी।
वन विभाग ने ग्रामीणों और वाहन चालकों से अपील की है कि हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें, उनके नजदीक जाने या उन्हें परेशान करने का प्रयास न करें।




