रायगढ़

Sindoor Park Raigarh : सिंदूर पार्क में लगेगा भारतीय सेना का टी-55 टैंक, राष्ट्रभक्ति का बनेगा नया प्रतीक

Advertisement
Advertisement
Advertisement

रायगढ़। विधायक ओपी चौधरी की पहल और जिला प्रशासन के सहयोग से रायगढ़ के इतवारी बाजार स्थित सिंदूर पार्क (पूर्व ऑक्सीजन पार्क) को जल्द ही नई पहचान मिलने जा रही है। शहरवासियों के लिए खुल चुके इस पार्क में अब भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक टी-55 युद्धक टैंक स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही सिंदूर पार्क हरियाली के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति और सैन्य गौरव का भी प्रमुख केंद्र बनेगा।

ऑक्सीजन पार्क से सिंदूर पार्क तक का सफर

ऑपरेशन सिंदूर से प्रेरित होकर ऑक्सीजन पार्क का नाम बदलकर सिंदूर पार्क रखा गया है। नामकरण के बाद से ही शहरवासियों का इस पार्क से भावनात्मक जुड़ाव और मजबूत हुआ है। सुबह-शाम टहलने, योग करने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए यह पार्क लोगों की पहली पसंद बन गया है।

टी-55 टैंक बढ़ाएगा पार्क की पहचान

सिंदूर पार्क में स्थापित किया जाने वाला टी-55 टैंक भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम का प्रतीक माना जाता है। यह टैंक 1971 के भारत-पाक युद्ध में अपनी निर्णायक भूमिका के लिए प्रसिद्ध रहा है। टैंक की स्थापना से युवा पीढ़ी को भारतीय सेना के इतिहास और वीरता से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

1971 के युद्ध में निभाई थी अहम भूमिका

सोवियत डिज़ाइन पर आधारित टी-55 टैंक ने दिसंबर 1971 के भारत-पाक युद्ध में पश्चिमी मोर्चे पर दुश्मन के टैंकों और बंकरों को ध्वस्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वहीं बारूदी सुरंगों वाले क्षेत्रों में सुरक्षित मार्ग तैयार कर पैदल सेना की मदद की। पूर्वी मोर्चे पर भी इस टैंक ने सैन्य अभियानों की सफलता में अहम योगदान दिया।

38 वर्षों तक सेना की सेवा

टी-55 टैंक ने 1971 के युद्ध के अलावा ऑपरेशन रक्षक, ऑपरेशन विजय और ऑपरेशन पराक्रम जैसे महत्वपूर्ण अभियानों में भी भारतीय सेना की सेवा की। करीब 38 वर्षों तक सेना का हिस्सा रहने के बाद वर्ष 2009 में इसे चरणबद्ध तरीके से सेवामुक्त कर दिया गया।

राष्ट्रभक्ति का नया आकर्षण बनेगा सिंदूर पार्क

देश के कुछ प्रमुख शहरों की तरह अब रायगढ़ में भी टी-55 टैंक को ‘वॉर ट्रॉफी’ के रूप में स्थापित किया जाएगा। इससे सिंदूर पार्क न केवल पर्यावरण संरक्षण का केंद्र रहेगा, बल्कि युवाओं और नागरिकों में राष्ट्रभक्ति, सैन्य इतिहास और देशभक्ति की भावना को भी नई ऊर्जा मिलेगी।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button