Brazil Helicopter Crash : रियो डी जेनेरियो में पर्यटक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, पायलट समेत 4 की मौत

रियो डी जेनेरियो। ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में शनिवार को एक पर्यटक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन यात्री एक ही कोलंबियाई परिवार की महिलाएं थीं।
15वें जन्मदिन का जश्न मनाने रियो आया था परिवार
जानकारी के अनुसार, कोलंबियाई परिवार एक लड़की का 15वां जन्मदिन मनाने रियो डी जेनेरियो आया था। हादसे में लड़की की दादी, मौसी और चचेरी बहन की जान चली गई। परिवार दो हिस्सों में हेलीकॉप्टर से घूमने निकला था, क्योंकि हेलीकॉप्टर में एक समय में केवल तीन यात्रियों के बैठने की क्षमता थी।
तिजुका नेशनल पार्क के ऊपर हो रही थी उड़ान
हेलीकॉप्टर पर्यटकों को तिजुका नेशनल पार्क के ऊपर दर्शनीय उड़ान करा रहा था। घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरा यह इलाका पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। दुर्घटना पार्क के अंदर चिनेजा पर्यटन स्थल के पास हुई।
हादसे की सूचना के बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पर्यटक हेलीकॉप्टर उड़ानों की सुरक्षा पर उठे सवाल
हादसे के बाद रियो डी जेनेरियो के मेयर एडुआर्डो कैवेलिएरी ने पर्यटक हेलीकॉप्टर उड़ानों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शहर में पर्यटकों के लिए हेलीकॉप्टर उड़ानों की संख्या बढ़ रही है, ऐसे में निगरानी और सुरक्षा जांच को और मजबूत करने की आवश्यकता है।
मेयर ने नई सुरक्षा व्यवस्था लागू किए जाने तक करीब एक से दो सप्ताह के लिए पर्यटक हेलीकॉप्टर उड़ानों को अस्थायी रूप से रोकने का सुझाव भी दिया है।







