रायगढ़

रायगढ़ पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश

Advertisement

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस नियंत्रण कक्ष रायगढ़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जुलाई माह की पुलिस कार्रवाई, लंबित अपराधों, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की गई।

60 दिनों में सामान्य मामलों के निराकरण के निर्देश
एएसपी अनिल सोनी ने लंबित गंभीर अपराधों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। सामान्य मामलों को अपराध दर्ज होने के 60 दिनों के भीतर निराकृत करने तथा CCTNS में इसकी प्रविष्टि अनिवार्य रूप से दर्ज करने को कहा गया। लंबित मर्ग और शिकायतों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अवैध गतिविधियों पर सख्ती
बैठक में अवैध प्रवासियों की बारीकी से जांच करने पर विशेष जोर दिया गया। होटल संचालकों और मकान मालिकों को अपने यहां ठहरने वाले लोगों एवं किरायेदारों की जानकारी ‘समाधान ऐप’ पर दर्ज कराने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

एएसपी ने जुआ-सट्टा, अवैध शराब और नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा पुलिस का सूचना तंत्र मजबूत करने को कहा। संदिग्ध एवं आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई बढ़ाने और धारा 129 के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि अपराध की पुनरावृत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

महिला-बाल अपराधों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई
महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को पीड़ितों की शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

प्रशिक्षु उप निरीक्षकों के कार्यों की भी हुई समीक्षा
बैठक के अंत में प्रशिक्षु उप निरीक्षकों के कार्यों की समीक्षा की गई। उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से अपराध विवेचना की बारीकियां सीखने और अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।

बैठक में पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण और आम जनता से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button