रायगढ़

रायगढ़ : मिठाई दुकानों और रेस्टोरेंट में खाद्य विभाग की जांच, देवा स्वीट्स से 22,500 रुपये की सामग्री जब्त

Advertisement

रायगढ़। शहर में खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सोनूमुड़ा स्थित देवा स्वीट्स में मिठाइयां तैयार करने में दूध की जगह दूध पाउडर और वनस्पति तेल के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई। वहीं सुभाष चौक स्थित ममता फैमली फाइन डाइन रेस्टोरेंट में एक ही फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री रखी मिली। दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया है।

देवा स्वीट्स से 22,500 रुपये की खाद्य सामग्री जब्त

खाद्य विभाग की टीम ने सोनूमुड़ा स्थित देवा स्वीट्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पेड़ा, चमचम सहित अन्य मिठाइयां दूध के स्थान पर दूध पाउडर और वनस्पति तेल से तैयार किए जाने की बात सामने आई। इसके अलावा पैकेट पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और प्रतिष्ठान का पता जैसी आवश्यक जानकारी भी अंकित नहीं मिली।

कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 15 पेटियों में रखी 22,500 रुपये कीमत की खाद्य सामग्री जब्त की। संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया गया है। जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।

एक ही फ्रीजर में मिले वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ

सुभाष चौक स्थित ममता फैमली फाइन डाइन रेस्टोरेंट के निरीक्षण में साफ-सफाई में कमी पाई गई। जांच के दौरान शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक ही फ्रीजर में रखी मिली

नियमों के उल्लंघन पर संचालक को नोटिस दिया गया। टीम ने रेस्टोरेंट से तेल-ग्रेवी वेज का नमूना भी लिया, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा।

अलंकार होटल से लिए गए तीन सैंपल

खाद्य विभाग की टीम ने गोपी टॉकीज रोड स्थित अलंकार होटल का भी निरीक्षण किया। यहां से बेसन पापड़ी, बूंदी लड्डू और कलाकंद के नमूने लिए गए हैं। सभी सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य कारोबारियों को नियमों के पालन की हिदायत

कार्रवाई के दौरान अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल और नमूना सहायक सुमन अग्रवाल मौजूद रहे।

अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने, खाद्य सामग्री को अखबार के कागज में नहीं रखने तथा आवश्यक खाद्य लाइसेंस बनवाने के निर्देश दिए।

खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

खाद्य संबंधी शिकायत के लिए हेल्पलाइन

खाद्य सामग्री की गुणवत्ता या खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन से संबंधित शिकायत के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की हेल्पलाइन 9340597097 पर संपर्क किया जा सकता है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button