छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 31 आईपीएस अधिकारियों का तबादला, पवन देव सहित कई वरिष्ठ अफसरों के बदले प्रभार

Advertisement

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के 31 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों के प्रभार बदले गए हैं। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों को आगामी आदेश तक नई पदस्थापना पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है।

पवन देव को नगरसेना और अग्निशमन सेवाओं की जिम्मेदारी

1992 बैच के आईपीएस पवन देव को छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन, रायपुर के अध्यक्ष एवं प्रबंध संचालक पद से हटाकर नगरसेना, नागरिक सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाओं का महानिदेशक बनाया गया है। वहीं 1994 बैच के एसआरपी कल्लूरी को छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन का प्रबंध संचालक बनाया गया है।

जीपी सिंह और प्रदीप गुप्ता को नई जिम्मेदारी

आईपीएस गुरजिंदर पाल (जीपी) सिंह को महानिदेशक प्रशिक्षण के साथ राज्य पुलिस अकादमी के महानिदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं प्रदीप गुप्ता को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशासन एवं चयन) बनाया गया है।

अजातशत्रु बहादुर सिंह का भी बदला प्रभार

2011 बैच के आईपीएस अजातशत्रु बहादुर सिंह को पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में गुप्तवार्ता एवं विशेष शाखा के डीआईजी पद से हटाकर नगरसेना, एसडीआरएफ एवं अग्निशमन सेवाओं के डीआईजी तथा निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।

दीपांशु काबरा को रेल और यातायात का अतिरिक्त प्रभार

1997 बैच के आईपीएस दीपांशु काबरा को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेल और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यातायात का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। विवेकानंद को वर्तमान दायित्वों के साथ वित्त, योजना एवं प्रबंध का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

अमित कुमार और डॉ. आनंद छाबड़ा को भी नई जिम्मेदारी

अमित कुमार को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं डॉ. आनंद छाबड़ा को तकनीकी सेवाएं, डायल-112 और दूरसंचार का प्रभार सौंपा गया है।

कानून व्यवस्था और सुरक्षा में भी बदलाव

ओमप्रकाश पाल को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अंकित कुमार गर्ग को राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला के संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

छह दिन पहले हुआ था आईएएस अधिकारियों का तबादला

गौरतलब है कि करीब छह दिन पहले ही राज्य सरकार ने 22 आईएएस अधिकारियों और एक आईएफएस अधिकारी का तबादला किया था। उस फेरबदल में छह जिलों के कलेक्टर भी बदले गए थे। अब आईपीएस अधिकारियों के बड़े स्तर पर हुए तबादले से पुलिस विभाग में भी व्यापक प्रशासनिक बदलाव हुआ है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button