छत्तीसगढ़

सरगुजा में खदान के भीतर पहुंचा दंतैल हाथी, कर्मचारियों में मचा हड़कंप; 2 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया बाहर

Advertisement

सरगुजा। जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में एक दंतैल हाथी की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों और वन विभाग की चिंता बढ़ी हुई है। शुक्रवार देर रात हाथी अचानक पीईकेबी कोयला खदान के भीतर पहुंच गया। खनन क्षेत्र में हाथी को देखकर वहां काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कंटीले तारों से घिरे खदान परिसर में हाथी काफी देर तक घूमता रहा।

पहले से हाथी की गतिविधियों पर नजर

उदयपुर रेंजर फेकू चौबे के अनुसार, वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर पहले से निगरानी रख रही थी। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे से परोगिया, सैदु, सुसकम, घाटबर्रा और फतेपुर इलाके के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सूचना दी जा रही थी।

रात में सुनाई दी हाथी के चिंघाड़ने की आवाज

रात करीब 12 बजे घाटबर्रा के जंगल की दिशा से हाथी के चिंघाड़ने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद वनकर्मियों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की। टीम लगातार हाथी की लोकेशन ट्रैक करते हुए खदान क्षेत्र की ओर बढ़ती रही। रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच वनकर्मी हाथी के आसपास पहुंच गए।

2 से 3 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंची टीम

खदान क्षेत्र के अंदर कई स्थान ऐसे थे जहां वाहनों से पहुंचना संभव नहीं था। इसके चलते वनकर्मियों को करीब 2 से 3 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा। हाथी के नजदीक पहुंचने के बाद टीम ने पूरी सावधानी बरतते हुए उसे खदान परिसर से बाहर की दिशा में ले जाने का प्रयास शुरू किया।

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकला हाथी

वन विभाग की टीम ने लगभग दो घंटे तक लगातार प्रयास किया। इसके बाद हाथी खदान क्षेत्र से बाहर निकलकर जंगल की ओर चला गया। सुबह करीब 4 बजे हाथी के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद वन विभाग और खनन क्षेत्र के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।

वन विभाग द्वारा हाथी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आसपास के ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button