मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया ‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ के दिवाली गिफ्ट पैक का लोकार्पण

महिला स्व-सहायता समूहों और वन उपज संग्राहकों की आजीविका को मिलेगा बढ़ावा, संजीवनी केंद्रों पर उपलब्ध होंगे उपहार पैक
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में ‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ के दिवाली गिफ्ट पैक का लोकार्पण किया। वन धन विकास केंद्रों से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय एवं हर्बल उत्पादों को आकर्षक पैकेजिंग के साथ उपहार पैक के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इस पहल का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के साथ लघु वनोपज संग्राहकों और महिला समूहों की आजीविका को मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध वन संपदा लाखों वनवासी परिवारों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। राज्य सरकार का प्रयास है कि वनों से प्राप्त उपज का अधिकतम मूल्य संवर्धन प्रदेश में ही हो, ताकि इसका सीधा आर्थिक लाभ वन उपज संग्राहकों और इससे जुड़े महिला स्व-सहायता समूहों को मिल सके।
बेहतर पैकेजिंग और ब्रांडिंग से स्थानीय उत्पादों को मिलेगी पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन धन विकास केंद्रों के माध्यम से महिलाएं स्थानीय वनोपज का प्रसंस्करण कर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार कर रही हैं। इन उत्पादों को बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बाजार से जोड़कर महिला समूहों के परिश्रम को नई पहचान देने के साथ उनकी आय बढ़ाने के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। ‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ के दिवाली गिफ्ट पैक इसी दिशा में एक सार्थक पहल हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में बने उत्पादों को खरीदने और उपहार में देने से वनांचल के परिवारों तथा महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक लाभ मिलता है। स्थानीय उत्पादों को अपनाना प्रदेश की परंपराओं, उद्यमिता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देना है।
प्रीमियम और सामान्य, दो श्रेणियों में तैयार किए गए गिफ्ट पैक
‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ के दिवाली गिफ्ट पैक दो श्रेणियों में तैयार किए गए हैं। प्रीमियम गिफ्ट पैक में नौ प्रकार के चयनित उत्पाद शामिल हैं, जबकि सामान्य गिफ्ट पैक में पांच प्रकार के उत्पाद रखे गए हैं। इन पैक के माध्यम से प्रदेश के स्थानीय एवं हर्बल उत्पादों को आकर्षक उपहार के रूप में लोगों तक पहुंचाने की पहल की गई है।
संजीवनी केंद्रों पर मिलेंगे उपहार पैक
आम नागरिक इन गिफ्ट पैक को छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ द्वारा संचालित ‘संजीवनी’ विक्रय केंद्रों से खरीद सकेंगे। इससे दिवाली पर उपहार देने की परंपरा को स्थानीय उत्पादों, महिला उद्यमिता और जनजातीय आजीविका से जोड़ने का अवसर मिलेगा।






