छत्तीसगढ़

बिलासपुर में गणेशोत्सव को लेकर पुलिस सख्त, सड़क पर नहीं लग सकेंगे पंडाल; डीजे पर पूरी तरह रोक

Advertisement

100 से अधिक गणेशोत्सव समितियों की बैठक में पुलिस ने दिए निर्देश, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

बिलासपुर। गणेशोत्सव को लेकर बिलासपुर पुलिस ने इस बार सुरक्षा, यातायात और ध्वनि प्रदूषण को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे स्थानों पर गणेश पंडाल लगाने की अनुमति नहीं होगी, जहां से आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो या यातायात बाधित होने की स्थिति बने। वहीं डीजे के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

चेतना भवन में हुई समितियों की बैठक

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस लाइन स्थित चेतना भवन में शहर की गणेशोत्सव समितियों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें 100 से अधिक समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने समितियों से गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मनाने की अपील की। साथ ही आयोजन से पहले आवश्यक प्रशासनिक अनुमति लेने और अनुमति में निर्धारित शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

सड़क पर पंडाल लगाने से यातायात प्रभावित हुआ तो कार्रवाई

पुलिस ने स्पष्ट किया कि पंडाल ऐसे स्थान पर नहीं लगाए जाएं, जिससे मुख्य मार्ग, आम रास्ते या यातायात प्रभावित हो। सड़क को घेरकर या आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले तरीके से आयोजन करने पर संबंधित समिति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने समितियों को आयोजन स्थल पर विद्युत व्यवस्था भी सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। वैध बिजली कनेक्शन, सुरक्षित वायरिंग और आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने पर विशेष जोर दिया गया है।

डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध, ध्वनि सीमा का पालन जरूरी

गणेशोत्सव के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर भी पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं। समितियों को सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप निर्धारित ध्वनि स्तर और समय सीमा का पालन करना होगा।

वहीं डीजे का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आयोजक समिति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ आम नागरिकों की शांति और यातायात व्यवस्था बनाए रखना है।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी समितियों से संवाद

शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस गणेशोत्सव समितियों के साथ बैठकें कर रही है। सीपत थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने गणेशोत्सव समितियों, सरपंचों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पंडाल, विद्युत व्यवस्था और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संबंध में नियमों की जानकारी दी।

पुलिस ने सभी समितियों से अपील की है कि गणेशोत्सव आस्था और उत्साह के साथ मनाएं, लेकिन प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखें।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button