आज श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी राधा अष्टमी, जानिए व्रत और पूजन का सही समय

अष्टमी तिथि 18 सितंबर से शुरू होकर 19 सितंबर दोपहर तक रहेगी, मध्याह्न व्यापिनी होने से शनिवार को होगा पूजन
रायपुर। भाद्रपद शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाने वाला राधा अष्टमी पर्व आज, 19 सितंबर शनिवार को श्रद्धा और धार्मिक आस्था के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर राधारानी के भक्त व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे।
मध्याह्न काल में पूजा का है विशेष विधान
श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं ज्योतिषाचार्य महंत रोहित शास्त्री के अनुसार, धार्मिक ग्रंथों में राधा अष्टमी के व्रत और पूजन के लिए अष्टमी तिथि के मध्याह्न काल को विशेष महत्व दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष भाद्रपद शुक्ल अष्टमी तिथि 18 सितंबर शुक्रवार दोपहर 1:02 बजे प्रारंभ हुई और 19 सितंबर शनिवार दोपहर 3:28 बजे तक रहेगी।
शनिवार को ही रखा जाएगा राधा अष्टमी का व्रत
ज्योतिषाचार्य के मुताबिक, इस वर्ष अष्टमी तिथि का सूर्योदय शनिवार को हो रहा है और तिथि मध्याह्न काल में भी व्याप्त रहेगी। इसी कारण धार्मिक मान्यता के अनुसार राधा अष्टमी का व्रत और पूजन 19 सितंबर को ही किया जाएगा।
मंदिरों में होंगे विशेष आयोजन
राधा अष्टमी के अवसर पर राधा-कृष्ण मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालु राधारानी की आराधना कर सुख, समृद्धि और परिवार की मंगलकामना करेंगे।






