जनदर्शन में उमड़ी भीड़ : कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सुनीं आमजन की समस्याएँ, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप लोगों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिला कलेक्टोरेट परिसर में सोमवार को आयोजित जनदर्शन में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को पारदर्शी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
निराश्रित पेंशन, क्षतिपूर्ति, भूमि पट्टा, रोजगार और नेटवर्क समस्या सहित कई मुद्दे उठे
- ग्राम रेगड़ा के लक्ष्मी प्रसाद यादव ने बताया कि दो–तीन वर्ष से नियमित मिल रही निराश्रित पेंशन हाल ही में बंद हो गई है, जिससे वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
- ग्राम धनागर के मदन पटेल ने क्षतिपूर्ति राशि दिलाए जाने की मांग रखी।
- रायगढ़ जूटमिल निवासी दादुलाल यादव ने भूमि पट्टा बनवाने में आ रही समस्या का समाधान करने का आग्रह किया।
- बिंजकोट के बुद्धेश्वर प्रसाद राठिया ने रोजगार देने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि एसकेएस कंपनी ने उनकी भूमि का अधिग्रहण किया था, जिससे परिवार आजीविका संकट में है।
- ग्राम बिंजकोट के अन्य ग्रामीण मोबाइल नेटवर्क की गंभीर समस्या लेकर जनदर्शन पहुंचे।
विकास कार्यों में बाधा, शौचालय निर्माण और अन्य समस्याएँ भी सामने आईं
जनपद पंचायत खरसिया के ग्राम भूपदेवपुर के ग्रामीणों ने पंचायत में विकास कार्यों के लिए 15वें वित्त आयोग की राशि जारी करने का आग्रह किया। उनका कहना था कि राशि न मिलने से भूमि समतलीकरण, बाड़ी विकास और अन्य काम रुके हुए हैं।
महेश राम चौहान (रायगढ़) ने अपने घर में शौचालय निर्माण की मांग की।
इसके अलावा कई नागरिकों ने राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, दिव्यांग पेंशन और विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर ने दिलाया भरोसा
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने उपस्थित सभी नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा और विभागीय अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।












