छत्तीसगढ़ में पहली बार महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट श्रृंखला, सीएम साय ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में भारत-जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की श्रृंखला का आयोजन
रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की द्विपक्षीय श्रृंखला का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे प्रदेश के लिए गौरव और हर्ष का अवसर बताते हुए ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया।
मुख्यमंत्री साय भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच श्रृंखला का तीसरा मुकाबला देखने नवा रायपुर स्थित स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों की महिला क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ की धरती पर आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। साथ ही खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
महिला क्रिकेट के लिए छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट श्रृंखला का आयोजन होना प्रदेश के खेल इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच पहली द्विपक्षीय श्रृंखला की शुरुआत छत्तीसगढ़ से होना इस आयोजन को और भी खास बनाता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों से प्रदेश की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होती है। साथ ही स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलता है और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है।
महिला खिलाड़ी देश की बेटियों के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री साय ने महिला क्रिकेट खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन से पहचान बनाने वाली महिला खिलाड़ी देश की करोड़ों बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका प्रदर्शन बेटियों को अपने सपनों को साकार करने और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के महत्व पर जोर दिया।
प्रदेश में खेल संस्कृति को मिलेगा प्रोत्साहन
भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का आयोजन छत्तीसगढ़ में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से प्रदेश के खेल प्रेमियों को उच्च स्तर का क्रिकेट देखने का अवसर मिला है। वहीं, महिला क्रिकेट को प्रोत्साहन देने और नई पीढ़ी को खेलों से जोड़ने के लिहाज से भी यह आयोजन महत्वपूर्ण है।






