छत्तीसगढ़ में ED की बड़ी कार्रवाई, रायपुर, भिलाई और धमतरी में सुबह से छापेमारी

सुबह 6 बजे केंद्रीय सुरक्षा बल के साथ अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचीं टीमें, दस्तावेजों और रिकॉर्ड की कर रही जांच
रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार सुबह राजधानी रायपुर समेत भिलाई और धमतरी में ईडी की अलग-अलग टीमों ने दबिश दी। सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई से संबंधित इलाकों में हलचल मच गई। टीमें स्थानीय पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों के साथ विभिन्न ठिकानों पर पहुंचीं और जांच शुरू की।

तीन शहरों में एक साथ पहुंचीं ईडी की टीमें
मिली जानकारी के अनुसार, ईडी की टीमें रायपुर, भिलाई और धमतरी में अलग-अलग स्थानों पर दस्तावेजों और अन्य जरूरी रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किन लोगों या प्रतिष्ठानों के ठिकानों पर छापेमारी की गई है। कार्रवाई के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है।
कार्रवाई के मामले को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं
फिलहाल ईडी की इस कार्रवाई के पीछे किस मामले या कथित घोटाले की जांच की जा रही है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के दायरे में शामिल लोगों और प्रतिष्ठानों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
30 अक्टूबर को भी हुई थी ED और EOW की कार्रवाई
इससे पहले 30 अक्टूबर को भी छत्तीसगढ़ में ईडी और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने कई जिलों में एक साथ कार्रवाई की थी। उस दौरान राजधानी रायपुर के बैरन बाजार इलाके में ईडी की टीम अनवर ढेबर के आवास पर पहुंची थी। इसके अलावा CGMSC और कोल मामले से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर भी जांच की गई थी। EOW की टीमों ने भी अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर जरूरी साक्ष्यों की पड़ताल की थी।





