रायगढ़ : अग्र समाज पहली बार आयोजित करेगा ‘एपीएल’ क्रिकेट टूर्नामेंट, आईपीएल की तर्ज पर होगी खिलाड़ियों की नीलामी और मुकाबले

रायगढ़ । नगर में इस बार महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में अग्र समाज ने एक अनूठी और रोमांचक पहल की है। समाज की ओर से पहली बार ‘एपीएल’ (अग्रसेन प्रीमियर लीग) क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है, जो पूरी तरह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर होगा। इसमें खिलाड़ियों की नीलामी, टीम ओनरशिप और पॉइंट सिस्टम जैसी व्यवस्थाएं शामिल की गई हैं। इस अभिनव प्रयास को लेकर अग्र समाज के युवाओं और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है।
128 खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन, 16 टीम ओनर्स ने लगाई बोली
टूर्नामेंट की तैयारियां बीते कई हफ्तों से जारी थीं। करीब 15 दिन पहले खिलाड़ियों का पंजीयन प्रारंभ हुआ, जिसमें 128 खिलाड़ियों ने भाग लिया। रविवार को अग्रोहा धाम में भव्य ऑक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। नीलामी के दौरान 16 टीम मालिकों ने बोली लगाकर खिलाड़ियों को अपनी-अपनी टीम में शामिल किया। ऑक्शन का संचालन मुकेश गोयल ने किया।
65 हजार पॉइंट तक पहुंची सबसे बड़ी बोली
समिति ने प्रत्येक टीम ओनर को एक लाख पॉइंट दिए थे, जिनसे वे खिलाड़ियों पर बोली लगा सकते थे। नीलामी के दौरान सबसे अधिक बोली 65 हजार पॉइंट तक पहुंची। इससे साफ झलकता है कि टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और टीम मालिकों का उत्साह चरम पर है।
12 सितंबर से होगा आगाज
आयोजन प्रभारी मुकेश गोयल और विनोद महमिया ने बताया कि टूर्नामेंट की शुरुआत 12 सितंबर को नटवर स्कूल मैदान में होगी और यह पांच दिन तक चलेगा। हर टीम में आठ खिलाड़ी होंगे और मुकाबले नॉकआउट फॉर्मेट में खेले जाएंगे। उनका कहना था कि शुरुआत में यह एक प्रयोगिक योजना थी, लेकिन रजिस्ट्रेशन शुरू होते ही खिलाड़ियों और समाज के युवाओं में इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ गई।
ये होंगी टीमें और मालिक
- एमसीसी – ब्रजमोहन अग्रवाल
- अग्र बगीचा – सुमन रतेरिया
- सीए चैंपियंस – सीए अमन अग्रवाल
- केडीएम – के.के. बंसल एवं एम. अग्रवाल
- रायगढ़ राइडर्स – ऋषभ अग्रवाल
- अग्रसेन सुपर किंग्स – पंकज अग्रवाल (होंडा)
- हर हर महादेव ब्लास्टर्स – डॉ. हर्निश अग्रवाल
- जगदंबा एंड महमिया ब्लास्टर्स – शिव अग्रवाल एवं विनोद महमिया
- बटरफ्लाई ब्लिस – दीपक डोरा
- श्याम दीवाने – दीपक अमलधिया
- अग्रसेन ब्लास्ट – सुनील अग्रवाल (लेन्ध्रा)
- केकेएच – हेमंत गोयल
- एआरसी – अनूप बंसल
- टीम अग्रसार – डॉ. साहिल बंसल
- केसीआरबी चैलेंजर्स – नवीश अग्रवाल
- श्याम राइडर्स – मानव एवं अमन अग्रवाल












