रायगढ़ : दिनदहाड़े कार का शीशा तोड़कर बैग पार, बाइक सवार बदमाश फरार

रायगढ़ । शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े हुई उठाईगिरी की वारदात ने लोगों को चौंका दिया। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने सड़क पर खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर अंदर रखा बैग उड़ा लिया और मौके से फरार हो गए।
इंडेन गैस संचालक बने शिकार
घटना गेरवानी निवासी नटराज डनसेना के साथ हुई, जो गांव में इंडेन गैस का ग्रामीण वितरण केंद्र संचालित करते हैं। जानकारी के अनुसार, वह सोमवार को बैंक में नकदी जमा करने पहुंचे थे। नकद राशि जमा करने के बाद उन्होंने अपनी कार रामनिवास टाकीज रोड पर खड़ी की और पास की दुकान से मोबाइल चार्जर खरीदने चले गए।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
जैसे ही नटराज दुकान के अंदर गए, उसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और कार का शीशा तोड़कर बैग निकाल ले गए। पूरी घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
नकदी नहीं, दस्तावेज थे बैग में
गनीमत यह रही कि बैग में रखी नकद राशि पहले ही बैंक में जमा की जा चुकी थी। हालांकि बैग में चेकबुक, पासबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज थे, जिन्हें बदमाश अपने साथ ले गए।
पुलिस जांच में जुटी
वारदात की जानकारी मिलते ही नटराज डनसेना ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।












