राजधानी रायपुर में संपूर्णता अभियान के उत्कृष्ट जिलों और विकासखंडों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राज्य के आकांक्षी जिलों और विकासखंडों को सम्मानित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “विकसित भारत” के विजन में हर वर्ग और क्षेत्र का समावेशी विकास निहित है। राजधानी रायपुर के नवीन विश्राम भवन में आयोजित समारोह में जुलाई से सितंबर 2024 तक संचालित संपूर्णता अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले जिलों और विकासखंडों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बस्तर और कोंडागांव जिलों तथा शंकरगढ़, मैनपुर, माकड़ी, कोयलीबेड़ा, ओरछा और प्रतापपुर विकासखंडों को स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इन क्षेत्रों में संपूर्णता अभियान के दौरान निर्धारित संकेतकों को संतृप्त करने में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। मुख्यमंत्री ने इन क्षेत्रों में कार्यरत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी पुरस्कृत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियों (PVTGs) सहित दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक आवास, पेयजल, बिजली, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसे कार्यक्रमों को ग्रामीण विकास की दिशा में क्रांतिकारी कदम बताया।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि आकांक्षी जिलों और विकासखंडों में 2018 से शुरू हुई यह पहल सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े क्षेत्रों को मुख्यधारा में लाने का एक सशक्त माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि मानव विकास सूचकांकों में सुधार लाकर इन क्षेत्रों को संतृप्त स्तर तक ले जाने का लक्ष्य सफल हो रहा है।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि यह अभियान केवल बुनियादी ढांचे के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और आजीविका जैसे मानवीय विकास के संकेतकों पर भी केंद्रित है।












