जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, कई मामलों का किया मौके पर निराकरण

रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने मंगलवार को जिला कलेक्टोरेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिलेभर से पहुंचे लोगों की समस्याएं, शिकायतें और मांगें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार, संवेदनशीलता के साथ और त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
घरघोड़ा तहसील के ग्राम बुलेकेरा के मनबंधू दास ने बताया कि उनके पुत्र गोविंद दास का डिग्री कॉलेज रायगढ़ में प्रवेश हो गया है, किंतु रहने की व्यवस्था नहीं है। साथ ही गोविंद एक आंख से दिव्यांग हैं। इस पर कलेक्टर ने आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त को निर्देशित किया कि छात्रावास में प्रवेश की कार्यवाही शीघ्र पूरी की जाए।
छत्तीसगढ़ कामगार सिविल एवं पेंटिंग मजदूर संघ ने रायगढ़ के नया शनि मंदिर श्रमिक चौक में प्रतिदिन रोजगार के लिए एकत्र होने वाले सैकड़ों श्रमिकों के लिए स्थाई प्रतीक्षालय, पेयजल और शौचालय की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में खरसिया की श्रीमती इंदिरा साहू ने अपनी निजी भूमि का सीमांकन, सहसपुरी की 24 वर्षीय दिव्यांग मंजू बैरागी ने मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, कौवाताल के मकरध्वज साहू ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त, फटहामुड़ा के बलिचरन ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, सलिहाभाठा के सेवानिवृत्त सुनाउ राम सिदार ने पेंशन और एरियर्स, तथा तरेकेला के ग्रामीणों ने माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक की मांग की।
कलेक्टर ने कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण करते हुए राहत पहुंचाई और शेष पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर अक्षय डोसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।












