जिले में आधार अपडेशन शिविर 15 दिनों तक, प्रतिदिन 50 अपडेट का लक्ष्य

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और सरलता से पहुँचाने के लिए जिले के चिन्हांकित ग्राम पंचायतों में आधार अपडेशन शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ जितेंद्र यादव ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के 54 आधार ऑपरेटरों की बैठक लेकर निर्देश दिए।
सीईओ ने प्रत्येक ऑपरेटर को आवश्यक संसाधनों के साथ शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और प्रतिदिन कम से कम 50 आधार अपडेशन कार्य पूर्ण कर प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। जनपद सीईओ को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचायत सचिवों और स्थानीय अमले के सहयोग से अभियान को सफल बनाने को कहा गया।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना समेत कई योजनाओं में लाभ वितरण के लिए आधार अपडेशन अनिवार्य है। आंगनबाड़ी के बच्चों का आधार अपडेट और फेस कैप्चर भी कराया जा रहा है, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों को मिल सके।
ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कर सभी छूटे हुए हितग्राहियों को शिविर में लाने और 15 दिनों में ठोस प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आधार अपडेशन में लापरवाही या धीमी प्रगति पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। बैठक में सहायक कलेक्टर अक्षय डोसी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।












