“रायगढ़ में जर्जर सड़क बनी हादसों का कारण, देउरमार के ग्रामीण खुद फावड़ा लेकर गड्ढे भरने उतरे”

रायगढ़, 24 सितम्बर 2025 रायगढ़ जिले के छाल से घरघोड़ा मार्ग पर सड़क की बदहाली लगातार ग्रामीणों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। विशेषकर देउरमार गांव के पास बड़े-बड़े गड्ढों के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लंबे समय से सड़क मरम्मत एवं निर्माण की मांग उठने के बावजूद कोई ठोस कार्यवाही न होने से अब ग्रामीणों ने स्वयं पहल करते हुए गड्ढों को भरने का जिम्मा उठाया।
मंगलवार को देउरमार गांव के करीब 10–12 ग्रामीण हाथों में फावड़े लेकर पहुंचे और मिट्टी व छोटे पत्थरों की मदद से सड़क पर बने गड्ढों को भर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार ट्रक और ट्रेलर जैसे भारी वाहन गुजरते हैं। गड्ढों के कारण कई बार वाहन पलट चुके हैं, जिससे गंभीर हादसे भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि यह पूरा इलाका हाथी प्रभावित क्षेत्र है और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, क्योंकि गड्ढे दिखाई नहीं देते और हादसों की आशंका बढ़ जाती है। इस रास्ते पर बड़े वाहनों के साथ-साथ बाइक सवार भी अक्सर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं।
देउरमार गांव की जनपद सदस्य कांति रवि राठिया ने जानकारी देते हुए कहा कि इस सड़क पर गड्ढों और ढलानों की वजह से हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। कई बार जनपद पंचायत में सड़क निर्माण की मांग रखी जा चुकी है, मगर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मजबूरी में ग्रामीणों को खुद ही मिट्टी डालकर गड्ढों को पाटना पड़ा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र ही सड़क की मरम्मत या नए सिरे से निर्माण की मांग की है, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन मिल सके।












