सूने मकान में लाखों के जेवर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, चक्रधरनगर पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

चोरी के जेवर गलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश नाकाम, 72 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला
रायगढ़, 14 मई 2026। रायगढ़ जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने संगठित तरीके से चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल, नगदी रकम, दो वाहन और जेवर गलाने में इस्तेमाल सामग्री बरामद की है। मामले में साक्ष्य मिटाने और संगठित अपराध की अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
रिश्तेदारी में गए परिवार के घर को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक विनोबा नगर निवासी संतोष कुमार देवांगन ने 9 मई को थाना चक्रधरनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 8 मई को वह परिवार सहित रिश्तेदारी में गए थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और कमरे की खिड़की तथा अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए।
चोरी गए सामान की कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई थी। शिकायत पर चक्रधरनगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच से आरोपी पकड़ाए
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। इसके बाद संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर रोशन सिंह, शिवा सोनी और धरमदास महंत उर्फ प्रेम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में तीनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोना-चांदी जैसा धातु, गलाए गए आभूषणों के टुकड़े, नगदी रकम, टूटा ताला, टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी, एक्टिवा वाहन क्रमांक CG 13 BL 4874 तथा धातु गलाने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की।
जेवर गलाकर पहचान मिटाने की कोशिश
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी किए गए कुछ सोने के जेवरों को पिघलाकर उनका स्वरूप बदलने की कोशिश कर रहे थे। वहीं कुछ सामान केलो नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने का भी प्रयास किया गया।
मामले में संगठित अपराध और साक्ष्य विलोपित करने के पर्याप्त प्रमाण मिलने पर पुलिस ने बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं 112, 3(5) और 238 भी जोड़ी हैं।
गिरफ्तार आरोपी
- रोशन सिंह, निवासी विजयपुर, थाना चक्रधरनगर
- शिवा सोनी, निवासी विजयपुर, थाना चक्रधरनगर
- धरमदास महंत उर्फ प्रेम, निवासी पंजरीप्लांट, थाना चक्रधरनगर
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरे मामले के खुलासे में निरीक्षक राकेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस तकनीकी जांच, सक्रिय मुखबिर तंत्र और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से लगातार अपराधों का खुलासा कर रही है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और संपत्ति की रक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।






