महिला सुरक्षा और लंबित प्रकरणों पर बिलासपुर रेंज की बड़ी समीक्षा बैठक, आईजी राम गोपाल गर्ग ने दिए सख्त निर्देश

एक माह में पुराने लंबित प्रकरण शून्य करने का लक्ष्य, महिला अपराधों में 60 दिन के भीतर जांच पूरी करने के निर्देश
बिलासपुर, 14 मई 2026। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेंज स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक लेकर लंबित आपराधिक प्रकरणों और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की गहन समीक्षा की। बैठक में बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, मुंगेली, सक्ती, जांजगीर-चांपा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और सारंगढ़ जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
बैठक में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट द्वारा Cr.M.P.No.-3112/2024 में जारी दिशा-निर्देशों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। आईजी राम गोपाल गर्ग ने निर्देश दिए कि एक वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का विशेष अभियान चलाकर शीघ्र निराकरण किया जाए।
एक माह में पुराने मामलों को शून्य करने का लक्ष्य
आईजी ने सभी जिलों को निर्देशित करते हुए कहा कि पुराने लंबित प्रकरणों को अगले एक माह के भीतर शून्य करने का लक्ष्य तय किया जाए। उन्होंने लूट, डकैती, धोखाधड़ी, अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों की राजपत्रित अधिकारियों के माध्यम से प्रकरणवार समीक्षा कर जल्द से जल्द चालान न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर जोर
बैठक में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी सख्त रुख अपनाया गया। आईजी ने कहा कि ऐसे मामलों की नियमित समीक्षा कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और न्यायालय में समय पर चालान पेश किया जाए।
महिला अपराधों में 60 दिन के भीतर जांच पूरी करने के निर्देश
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए आईजी राम गोपाल गर्ग ने ITSSO (Investigation Tracking System for Sexual Offence) के तहत लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 60 दिनों से अधिक समय से लंबित महिला संबंधी प्रकरणों का तत्काल निराकरण किया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिन मामलों में अभी 60 दिन की अवधि पूरी नहीं हुई है, उनमें लगातार साक्ष्य संकलन कर निर्धारित समय सीमा के भीतर विवेचना पूर्ण की जाए।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी
बैठक में बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह, रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह, मुंगेली एसएसपी भोजराम पटेल, कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी, जीपीएम एसपी मनोज खिलारी, सक्ती एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, जांजगीर-चांपा एसपी निवेदिता पॉल, सारंगढ़ एएसपी निमीषा पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में आईजी राम गोपाल गर्ग ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के लिए गंभीरता से कार्य करने को कहा।






