मारो नगर पंचायत को विकास की सौगात, डिप्टी सीएम अरुण साव ने की 32 करोड़ की घोषणाएं

दो करोड़ 31 लाख 79 हजार रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स व हाट-बाजार के लिए एक-एक करोड़ तथा जल आपूर्ति विस्तार के लिए 30 करोड़ रुपए देने का ऐलान
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने बेमेतरा जिले के मारो नगर पंचायत में विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने यहां दो करोड़ 31 लाख 79 हजार रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस दौरान मारो में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और हाट-बाजार निर्माण के लिए एक-एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की। वहीं, जल आपूर्ति सुविधाओं के विस्तार के लिए 30 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया।
शहर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर
कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल और विधायक ईश्वर साहू भी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों के माध्यम से नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
चार कार्यों का भूमिपूजन, एक निर्माण का लोकार्पण
उप मुख्यमंत्री ने मारो नगर पंचायत में चार विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें वार्ड क्रमांक-3 में 75 लाख 20 हजार रुपए की लागत से बनने वाला डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मंगल भवन और 29 लाख 67 हजार रुपए की लागत वाली मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी शामिल है।
इसके अलावा वार्ड क्रमांक-12 में 48 लाख 71 हजार रुपए की लागत से देवराहा तालाब के मुक्तिधाम का उन्नयन तथा नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में 67 लाख 21 हजार रुपए की लागत से 12 सीसी रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
सरस्वती शिशु मंदिर में रंगमंच एवं भवन का लोकार्पण
इस अवसर पर अरुण साव ने नवागढ़ विकासखंड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में 11 लाख रुपए की लागत से निर्मित रंगमंच एवं भवन का लोकार्पण भी किया।





