छत्तीसगढ़

जशपुर को पीएम जनमन योजना की बड़ी सौगात, 16 करोड़ से बनेंगे पांच वृहद पुल

Advertisement
Advertisement Carousel

दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में मजबूत होगा सड़क संपर्क, बगीचा विकासखंड में 290 मीटर लंबाई के पुलों का होगा निर्माण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और जनजातीय बहुल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड में पांच वृहद पुलों के निर्माण को मंजूरी मिली है। राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने इन कार्यों के लिए कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

छत्तीसगढ़ में 167 पुलों को मिली मंजूरी

पीएम जनमन योजना के वर्ष 2026-27 के बैच-I के तहत भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने 6 नवंबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से छत्तीसगढ़ में 167 पुलों के निर्माण को स्वीकृति दी है। इनमें जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के पांच पुल शामिल हैं। इनका निर्माण पूरा होने से दूरस्थ जनजातीय बसाहटों का मुख्य मार्गों से संपर्क मजबूत होगा और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

पांच पुलों के निर्माण पर खर्च होंगे 16 करोड़ रुपये

स्वीकृत कार्यों में डंगरी से दरावाकोना मार्ग पर नाले में 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये तथा जबला से नवापारा मार्ग पर 30 मीटर लंबे पुल के लिए 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इन मार्गों पर भी बनेंगे वृहद पुल

इसी तरह कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के लिए 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपये, बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग पर 80 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपये और कुहापानी से बांसधार मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।

बारिश में आवागमन की समस्या से मिलेगी राहत

इन पुलों के निर्माण से बारिश के दौरान नालों में पानी बढ़ने के कारण ग्रामीणों को होने वाली आवागमन की परेशानी दूर होगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने और मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों एवं अस्पतालों तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

बेहतर सड़क संपर्क से स्थानीय व्यापार, रोजगार और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही दूरस्थ जनजातीय बसाहटों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और आवश्यक सेवाओं की पहुंच आसान होगी। पांचों पुलों का निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास को मजबूती प्रदान करेगा।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button