रायगढ़

रायगढ़ में जन्माष्टमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, 2 से 6 सितंबर तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था

Advertisement

शांति समिति की बैठक में सुरक्षा, पार्किंग और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा; श्रद्धालुओं के लिए पांच स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था

रायगढ़। जन्माष्टमी और झूला उत्सव के दौरान शहर में उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला कलेक्ट्रेट के सृजन सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था के साथ यातायात, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, पार्किंग और सुरक्षा इंतजामों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा विभिन्न समाजों के प्रमुख और आयोजन समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने कहा कि रायगढ़ में जन्माष्टमी का पर्व बड़े स्तर पर आयोजित होता है। इसे देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंदिरों में CCTV और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष निगरानी

पर्व के दौरान मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने और उनके डिस्प्ले की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मंदिर एवं प्रमुख आयोजन स्थलों पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई की व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।

2 से 6 सितंबर तक एकांगी यातायात व्यवस्था

श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए शहर में 2 से 6 सितंबर तक एकांगी यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।

रेलवे स्टेशन से चक्रधरनगर की ओर जाने वाले वाहनों को सुभाष चौक और गद्दी चौक से डायवर्ट कर चांदनी चौक अथवा सर्किट हाउस मार्ग से आगे भेजा जाएगा।

इसी तरह चक्रधरनगर से रेलवे स्टेशन की ओर आने वाले वाहनों के लिए शहीद चौक, सारंगढ़ चौक और मालधक्का रोड का मार्ग निर्धारित किया गया है।

प्रशासन के अनुसार गद्दी चौक, सुभाष चौक, सारंगढ़ चौक, ओवरब्रिज, कोष्टापारा तिराहा और सिल्वर पैलेस तिराहा क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पांच पार्किंग स्थल

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाम की स्थिति से बचने के लिए प्रशासन ने श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग हेतु पांच स्थान निर्धारित किए हैं। इनमें मिनी स्टेडियम, रामलीला मैदान, नटवर स्कूल, पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड और गांधी गंज शामिल हैं।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें।

श्याम मंदिर और गौरीशंकर मंदिर में विशेष आयोजन

जन्माष्टमी के अवसर पर श्याम मंदिर और गौरीशंकर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। इसके अलावा मटकी फोड़ सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

आपात स्थिति में कंट्रोल रूम से करें संपर्क

पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए चक्रधरनगर कंट्रोल रूम का नंबर 9479193299 जारी किया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, निर्धारित मार्गों एवं पार्किंग स्थलों का पालन करें और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को सूचना दें।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button