Indore Fire: कालिंदी गोल्ड सिटी के पास तीन फैक्ट्रियों में भीषण आग, दो जलकर राख

अरविंदो अस्पताल से करीब 3 किलोमीटर दूर इंडस्ट्रियल पार्क में मचा हड़कंप, दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू; जनहानि नहीं
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में कालिंदी गोल्ड सिटी के पास स्थित इंडस्ट्रियल पार्क में ऑयल, पेंट्स और केमिकल से जुड़ी तीन फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि आसमान में धुएं के घने गुबार छा गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दो फैक्ट्रियां जलकर राख
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की चपेट में आई तीन फैक्ट्रियों में से दो पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग की लपटें और आसमान में उठता धुआं दूर से दिखाई दे रहा था। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की भयावहता नजर आ रही है।
दमकलकर्मियों ने संभाला मोर्चा
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।





