छत्तीसगढ़

विद्युत उपभोक्ता अधिकारों और शिकायत निवारण पर जागरूकता कार्यशाला

Advertisement

विशेषज्ञों ने उपभोक्ताओं को शिकायत निवारण की प्रक्रिया, क्षतिपूर्ति प्रावधान और विद्युत सेवाओं से जुड़े अधिकारों की दी जानकारी

रायगढ़। विद्युत उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, शिकायतों के समाधान और उपलब्ध वैधानिक व्यवस्थाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से शनिवार को रायगढ़ में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। जिंदल स्टील-डी और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, रायगढ़ के संयुक्त आयोजन में कार्यशाला ओपी जिंदल स्कूल परिसर स्थित ऑडिटोरियम में हुई।

उपभोक्ताओं को अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील

कार्यशाला में विशेषज्ञों ने बताया कि बिजली उपभोक्ताओं के लिए अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों की जानकारी रखना बेहद जरूरी है। बिजली सेवा से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए निर्धारित संस्थागत व्यवस्था और प्रक्रिया के बारे में भी प्रतिभागियों को विस्तार से बताया गया। समय-सीमा के भीतर सेवा उपलब्ध नहीं होने अथवा शिकायत का समाधान नहीं होने की स्थिति में लागू क्षतिपूर्ति प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।

शिकायत निवारण की व्यवस्था पर हुआ संवाद

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के सदस्य (विधि) विवेक गनोदवाले ने अध्यक्षीय संबोधन में उपभोक्ता हितों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध कानूनी व्यवस्थाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, रायगढ़ के मुख्य अभियंता मनीष तनेजा ने प्रथम स्तर पर शिकायत दर्ज कराने और उसके निराकरण की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिक स्तर पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करना विद्युत वितरण व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

फोरम और क्षतिपूर्ति प्रावधानों की दी जानकारी

विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, रायगढ़ के अध्यक्ष अशोक कुमार गोयल ने शिकायतों के समाधान और क्षतिपूर्ति से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपभोक्ता अपनी शिकायतों के निराकरण के लिए शिकायत निवारण फोरम में मामला प्रस्तुत कर सकते हैं।

जिंदल स्टील-डी के विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के अध्यक्ष संदीप नंदनवार ने औद्योगिक उपभोक्ताओं से जुड़े मामलों तथा फोरम के माध्यम से विवादों के समाधान की प्रक्रिया पर जानकारी साझा की। उन्होंने विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की।

गुणवत्तापूर्ण बिजली सेवा उपभोक्ताओं का अधिकार

विद्युत लोकपाल एस.के. सोनी ने उपभोक्ताओं के अधिकारों पर जानकारी देते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं भरोसेमंद विद्युत आपूर्ति, सही बिलिंग, मीटर से संबंधित सेवाओं और शिकायतों के समयबद्ध समाधान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने शिकायत के आगे के स्तर और विद्युत लोकपाल की भूमिका को भी समझाया।

टैरिफ और सौर ऊर्जा पर भी चर्चा

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के निदेशक (टैरिफ) सुरेंद्र सिंह ने खुदरा विद्युत दरों के निर्धारण की प्रक्रिया और उपभोक्ताओं पर उसके प्रभाव के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही सौर ऊर्जा से संबंधित विभिन्न पहलुओं को भी सरल तरीके से समझाया गया।

आयोग के सदस्य (तकनीकी) अजय कुमार सिंह ने विद्युत क्षेत्र में नियामक आयोग की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आयोग विद्युत क्षेत्र के नियमन के साथ उपभोक्ता हितों की सुरक्षा और विभिन्न विद्युत संबंधी मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

प्रश्नोत्तर सत्र में उपभोक्ताओं ने पूछे सवाल

कार्यशाला की शुरुआत जिंदल स्टील के उपाध्यक्ष पिनाकी भट्टाचार्य के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने उपभोक्ता जागरूकता और प्रभावी शिकायत निवारण को बेहतर विद्युत सेवा व्यवस्था के लिए जरूरी बताया।

कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें उपभोक्ताओं ने बिजली आपूर्ति, बिलिंग, शिकायतों के समाधान, फोरम की कार्यप्रणाली और अन्य विद्युत संबंधी विषयों पर सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने संबंधित प्रश्नों का समाधान किया।

जिंदल स्टील-डी में शिकायत निवारण फोरम कार्यालय का उद्घाटन

कार्यशाला के साथ ही जिंदल स्टील-डी में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के नए कार्यालय का उद्घाटन भी किया गया। इसे उपभोक्ताओं को शिकायतों के समाधान के लिए अधिक सुलभ और व्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

नए कार्यालय के माध्यम से उपभोक्ता अपनी विद्युत संबंधी शिकायतों और विवादों के निराकरण के लिए निर्धारित प्रक्रिया का लाभ उठा सकेंगे। प्राथमिक स्तर पर संबंधित विद्युत कार्यालय में शिकायत के समाधान के बाद नियमानुसार उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के समक्ष अपना मामला रख सकते हैं।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग, विद्युत वितरण कंपनी, शिकायत निवारण फोरम और जिंदल स्टील-डी के वरिष्ठ अधिकारी, विशेषज्ञों सहित बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button