Jindal Nagar Rath Yatra : नवीन जिंदल ने जिंदल नगर में रथयात्रा का किया नेतृत्व, सेवा और समानता का दिया संदेश

मां सावित्री जिंदल और पत्नी शालू जिंदल के साथ निभाई छेरा पहरा की परंपरा, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल
जिंदल नगर। आस्था, समानता और सामूहिक भक्ति के भाव के साथ जिंदल नगर के देवभूमि में वार्षिक रथ यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन एवं रथ यात्रा में शामिल होने पहुंचे।
नवीन जिंदल ने किया रथयात्रा का नेतृत्व
जिंदल स्टील के चेयरमैन श्री नवीन जिंदल ने इस आध्यात्मिक यात्रा का नेतृत्व किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भगवान के पवित्र रथों को खींचा और सेवा भावना को नेतृत्व का मूल आधार बताया।
उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में नेतृत्व का सबसे बड़ा स्वरूप सेवा और समर्पण है, जहां सभी लोग समान भाव से भगवान की भक्ति में शामिल होते हैं।
छेरा पहरा की निभाई पारंपरिक रस्म
इस अवसर पर श्री नवीन जिंदल ने अपनी माता श्रीमती सावित्री जिंदल और पत्नी श्रीमती शालू जिंदल के साथ पारंपरिक छेरा पहरा की रस्म निभाई।
इस रस्म में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों के आगे के मार्ग को प्रतीकात्मक रूप से साफ किया जाता है। यह परंपरा सेवा, विनम्रता और समानता का संदेश देती है।
भक्ति और सामाजिक एकता का बना उत्सव
रथ यात्रा के दौरान पूरा जिंदल नगर जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंज उठा। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने इस आयोजन को भक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक बना दिया।








