चक्रधरनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 48 घंटे में डबल चोरी का खुलासा, महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। चक्रधरनगर पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश शिव सारथी उर्फ शिवा सारथी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 63 हजार 700 रुपये नगद, सोने का टॉप्स, पीतल का लोटा, रेंजर साइकिल, चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड सहित करीब 2 लाख रुपये की मशरूका बरामद की है।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में संदिग्ध महिला और पुरुष दिखाई दिए, जिनकी पहचान शिव सारथी और उसकी पत्नी पिंकी सारथी के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक चोरी के सोने के टॉप्स को बेचने की कोशिश कर रहा है, जिसके बाद घेराबंदी कर शिव सारथी को हिरासत में लिया गया।
सूर्या बिहार और दीनदयालपुरम में हुई थी चोरी
पहली चोरी सूर्या बिहार, कौहाकुण्डा स्थित प्रोफेसर सरोज कुमार चंद्रा के मकान में हुई थी। यहां घर के पोर्च में खड़ी बच्चे की रेंजर साइकिल चोरी कर ली गई थी। मामले में थाना चक्रधरनगर में धारा 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
वहीं दूसरी घटना दीनदयालपुरम कॉलोनी फेस-1 की है, जहां सूने मकान का ताला तोड़कर अलमारी से 70 हजार रुपये नगद, सोने का टॉप्स और पीतल का लोटा चोरी कर लिया गया था। गृहस्वामिनी सेवती पटेल पारिवारिक कारणों से बाहर गई थीं। लौटने पर चोरी की जानकारी मिली। मामले में धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूली वारदात
पूछताछ में शिव सारथी ने बताया कि उसने साथी कुश केरकेट्टा के साथ रेंजर साइकिल चोरी की थी। इसके बाद पत्नी पिंकी सारथी और साथी प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली के साथ मिलकर दीनदयालपुरम कॉलोनी स्थित सूने मकान का ताला लोहे की रॉड से तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
चोरी का पूरा सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी शिव सारथी से 25 हजार रुपये नगद और चोरी की रेंजर साइकिल, पिंकी सारथी से 8 हजार 700 रुपये नगद, सोने का टॉप्स एवं पीतल का लोटा, प्रभात राय से 30 हजार रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और कुश केरकेट्टा से चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
चारों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपियों में शिव सारथी उर्फ शिवा सारथी, पिंकी सारथी उर्फ पिंकी चौहान उर्फ मनीषा, प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली और कुश केरकेट्टा शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।









