छत्तीसगढ़रायगढ़

ऑपरेशन आघात में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 300 किलो गांजा के साथ 3 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 1.86 करोड़ की संपत्ति जब्त

Advertisement

रायगढ़। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लैलूंगा पुलिस ने उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही करीब 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में गांजा, दो लग्जरी वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

उड़ीसा से मध्यप्रदेश भेजी जा रही थी गांजे की खेप, सूचना मिलते ही हुई नाकेबंदी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में मिली सूचना पर लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी की। सूचना थी कि उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से गांजा की बड़ी खेप दो सफेद रंग की कारों के जरिए मध्यप्रदेश के अनूपपुर भेजी जा रही है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

डबल नंबर प्लेट वाली इनोवा ने बढ़ाया संदेह

नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक इनोवा क्रिस्टा और एक मारुति सुजुकी XL6 को रोककर तलाशी ली। जांच में इनोवा वाहन में एक साथ दो नंबर प्लेट लगी मिलीं, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया। इसके बाद दोनों वाहनों में सवार युवकों से पूछताछ कर विधिवत तलाशी ली गई।

300 किलो गांजा, दो लग्जरी कार और मोबाइल बरामद

तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से करीब 300 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही इनोवा क्रिस्टा, मारुति सुजुकी XL6 और पांच मोबाइल फोन, जिनमें दो आईफोन शामिल हैं, भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये आंका गया है।

अनूपपुर तक फैले नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

पूछताछ में आरोपियों ने गांजे की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले तक पहुंचाने की जानकारी दी है। मामले में थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। इसके लिए विशेष टीम को सरगुजा और अनूपपुर रवाना किया गया है।

नशे के कारोबारियों पर लगातार जारी रहेगी कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अंतरराज्यीय तस्करों और उनके नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

गिरफ्तार आरोपी

  • निखिल कश्यप (23 वर्ष), निवासी रामानुजगंज, जिला बलरामपुर
  • रिंकु कश्यप (28 वर्ष), निवासी दरिमा, जिला सरगुजा
  • धर्मेन्द्र कुमार मौर्य (27 वर्ष), निवासी अनूपपुर, मध्यप्रदेश

जब्त सामग्री

  • करीब 300 किलो गांजा
  • 1 इनोवा क्रिस्टा
  • 1 मारुति सुजुकी XL6
  • 5 मोबाइल फोन (2 आईफोन सहित)

कुल जब्ती मूल्य: 1 करोड़ 86 लाख रुपये

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button