Operation Clean Hunt : 300 किलो गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड शुभम यादव गिरफ्तार, ₹10.17 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क पर कसा शिकंजा
रायगढ़। Operation Clean Hunt के तहत रायगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 300 किलोग्राम गांजा तस्करी के बहुचर्चित मामले के मुख्य मास्टरमाइंड शुभम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना साइबर और थाना लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
300 किलो गांजा जब्ती मामले का था मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 को “ऑपरेशन आघात” के तहत उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही करीब 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त की गई थी। इस कार्रवाई में लगभग ₹1.50 करोड़ मूल्य का गांजा, परिवहन में प्रयुक्त इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी XL-6, पांच मोबाइल फोन सहित कुल ₹1.86 करोड़ मूल्य की संपत्ति जब्त की गई थी।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेन्द्र कुमार मौर्य ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया था कि पूरे तस्करी नेटवर्क का संचालन शुभम यादव कर रहा था।
तकनीकी निगरानी से मिली सफलता
एसएसपी के निर्देश पर साइबर थाना और लैलूंगा पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया। मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।
8 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि आरोपी KIA कार से रायगढ़ क्षेत्र में देखा गया है। पुलिस को देखकर आरोपी तेज रफ्तार से भागने लगा, जिसके बाद सरहदी थानों को अलर्ट कर नाकेबंदी की गई। संयुक्त पुलिस टीम ने लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित कुंजारा के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
₹10.17 लाख की संपत्ति बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम यादव (29 वर्ष), निवासी विवेकनगर कॉलोनी, थाना चचाई, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से KIA कार (CG-10 BE-5998), एक मोबाइल फोन, घड़ी, ₹3,000 नकद, वाहन की आरसी, चाबी और तीन एटीएम कार्ड सहित कुल ₹10.17 लाख मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत कार्रवाई की है। पूछताछ में गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और वित्तीय लाभार्थियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस एनडीपीएस मामलों में केवल गांजा जब्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी के पूरे नेटवर्क, वित्तीय लाभार्थियों और मास्टरमाइंड तक पहुंचकर एंड-टू-एंड कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।







