रायगढ़

पुसौर : शिक्षा गुणवत्ता सुधार को लेकर क्लब क्लस्टर बैठक सह प्रशिक्षण आयोजित

Advertisement
Advertisement
Advertisement

शिक्षकों को नवाचार आधारित शिक्षण और एफएलएन मजबूत करने दिए गए निर्देश

रायगढ़। शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विकासखंड पुसौर में शनिवार को क्लब क्लस्टर बैठक सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू के निर्देशन एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में शिक्षकों को राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की भावना के अनुरूप नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी गई।

एफएलएन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर रहा विशेष जोर

प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (FLN) को मजबूत करने, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार लाने और शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। शिक्षकों से शासकीय विद्यालयों के प्रति अभिभावकों का विश्वास बढ़ाने के लिए भी विशेष प्रयास करने का आह्वान किया गया।

हिंदी शिक्षण को प्रभावी बनाने दिए गए प्रशिक्षण

संयुक्त संकुल जतरी, पुसल्दा और तेतला के प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा चौथी के हिंदी विषय के शिक्षकों के लिए संकुल केंद्र पुसल्दा में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। मास्टर ट्रेनर आरती साहू ने “बगीचे का घोंघा” कहानी के माध्यम से बच्चों की सहभागिता बढ़ाने और प्रभावी शिक्षण तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया।

इस दौरान राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा-2005 के उद्देश्यों, कक्षागत गतिविधियों और एफएलएन लक्ष्यों को प्राप्त करने के व्यावहारिक तरीकों पर चर्चा की गई।

बीईओ ने नियमित उपस्थिति और उपचारात्मक शिक्षण के दिए निर्देश

विकासखंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल ने शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने, वीएसके ऐप में नियमित उपस्थिति दर्ज करने, पाठ्यक्रम का समयबद्ध संचालन, दैनंदिनी लेखन और सीखने के प्रतिफलों के आधार पर अध्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कमजोर विद्यार्थियों के लिए उपचारात्मक शिक्षण की व्यवस्था करने तथा शासकीय विद्यालयों की गुणवत्ता सुधारकर विद्यार्थियों और अभिभावकों का भरोसा बढ़ाने पर जोर दिया।

निर्माणाधीन हाई स्कूल भवन का किया निरीक्षण

बीईओ भुवनेश्वर पटेल ने पुसल्दा में निर्माणाधीन हाई स्कूल भवन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर भी दिया गया जोर

इसके बाद बीईओ भुवनेश्वर पटेल एवं संकुल प्राचार्य गणेश प्रसाद साहू ने संकुल कोंडातराई, सुर्री और तेलीपाली के शिक्षकों के प्रशिक्षण का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों को नवोदय, एकलव्य और उत्कर्ष जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नियमित अभ्यास कराने तथा प्रत्येक शनिवार को विशेष तैयारी सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए।

शिक्षक और समन्वयक रहे उपस्थित

प्रशिक्षण में तीनों संकुलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित संकुल शैक्षिक समन्वयक सालिक राम नायक, राज किशोर स्वर्णकार, जयनंद सिदार, दिनेश कुमार प्रधान, चिंतामणि गुप्ता, संकुल प्राचार्य जयप्रसाद पटेल सहित कुल 17 शिक्षक उपस्थित रहे। इसकी जानकारी संकुल शैक्षिक समन्वयक चिंतामणि गुप्ता ने दी।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button