रायगढ़

Jansunwai Raigarh : जनदर्शन में गूंजीं जनसमस्याएं, अनियमित निर्माण, फ्लाई ऐश और जर्जर स्कूल भवन पर कार्रवाई के निर्देश

Advertisement
Advertisement
Advertisement

रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक अपनी मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन लेकर पहुंचे। अपर कलेक्टर ने सभी मामलों की जांच कर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

स्टॉपडेम निर्माण में अनियमितता की शिकायत

ग्राम बेलरिया के ग्रामीणों ने कुर नदी में सोलर पंप के लिए बनाए जा रहे स्टॉपडेम (एनीकट) के निर्माण कार्य में अनियमितता और गुणवत्ताविहीन निर्माण का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना था कि ठेकेदार और सिंचाई विभाग की मिलीभगत से कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

फ्लाई ऐश से प्रभावित हुई खेती

खरसिया तहसील के ग्राम पुछियापाली निवासी ज्योतराम राठिया ने शिकायत की कि निजी तालाबों में डाली गई फ्लाई ऐश बारिश के साथ बहकर उनके खेत तक पहुंच गई है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। शिकायत पर अपर कलेक्टर ने पर्यावरण अधिकारी को तत्काल मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जर्जर स्कूल भवन को लेकर सरपंच की मांग

ग्राम पंचायत घरघोड़ी के सरपंच ने शासकीय प्राथमिक शाला बेलडीपा के जर्जर भवन को लेकर आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि भवन की खराब स्थिति से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

श्रम सम्मान राशि की मांग

आदिवासी विकास विभाग में 10 से 15 वर्षों से कलेक्टर दर पर कार्यरत मजदूरी कर्मचारियों ने श्रम सम्मान राशि दिलाने की मांग की। अपर कलेक्टर ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

महिला समूह ने अवैध मछली पकड़ने की शिकायत की

जय मां सरस्वती स्व-सहायता समूह सहित अन्य महिला समूहों ने ग्राम पंचायत जोबी के रानीसागर तालाब में अवैध मछली पकड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने बताया कि तालाब का वैध पट्टा उनके समूह के नाम होने के बावजूद कुछ लोग जबरन मछली पकड़ रहे हैं। इस मामले में एसडीएम रायगढ़ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

वन भूमि पट्टा सहित कई आवेदन पहुंचे

धरमजयगढ़ के ग्राम हिम्मतपुर निवासी गुरमेत यादव ने वन भूमि पट्टा प्रदान करने की मांग की। इसके अलावा राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, दिव्यांग पेंशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े अनेक आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button