घुनघुट्टा बांध में छलांग लगाने वाले 19 वर्षीय युवक का शव बरामद, एक दिन बाद मिला शव

गुरुवार दोपहर स्कूटी से पहुंचकर बांध में कूदा था युवक, शुक्रवार को गेट के पास मिला शव
अंबिकापुर। शहर के मणिपुर थाना क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय युवक की घुनघुट्टा बांध में डूबने से मौत हो गई। युवक ने गुरुवार दोपहर बांध में छलांग लगा दी थी। घटना के बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे एसडीआरएफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद कर लिया।
मछुआरों ने देखा था बांध में कूदते
मिली जानकारी के अनुसार युवक गुरुवार को स्कूटी से घुनघुट्टा बांध पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद मछुआरों ने उसे बांध में छलांग लगाते देखा। मछुआरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन युवक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद उसकी तलाश शुरू की गई। हालांकि शाम होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आईं और गुरुवार को शव बरामद नहीं हो सका।
गेट के पास फंसा मिला शव
शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब दोपहर 1 बजे टीम को बांध के गेट के पास युवक का शव फंसा हुआ मिला। इसके बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया।
परिवार में पसरा मातम
युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में मातम पसर गया। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और घटना से जुड़े परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
एक दिन पहले इंस्टाग्राम पर लगाया था स्टेटस
घटना के संबंध में यह भी जानकारी सामने आई है कि युवक ने हादसे से एक दिन पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘आशिकी-2’ फिल्म से संबंधित एक स्टेटस लगाया था। हालांकि इस सोशल मीडिया पोस्ट और युवक के बांध में छलांग लगाने की घटना के बीच कोई संबंध था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।






