रायगढ़

Raigarh News: जेल कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों को महापौर का भरोसा, बोले- जब तक मैं हूं, निगम का कोई अधिकारी आपको हटाने नहीं जाएगा

Advertisement

रायगढ़। जेल कॉम्प्लेक्स की दुकानों को खाली करने के लिए जारी नोटिस के बाद दुकानदारों में बनी असमंजस और चिंता की स्थिति को लेकर सोमवार को दुकानदारों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर महापौर जीवर्धन चौहान से मुलाकात की। दुकानदारों ने वर्षों से संचालित अपने व्यवसाय और अचानक मिले नोटिस से उत्पन्न समस्याओं से महापौर को अवगत कराया।

नोटिस से रोजी-रोटी को लेकर चिंतित थे दुकानदार

दुकानदारों ने बताया कि वे लंबे समय से जेल कॉम्प्लेक्स में अपनी दुकानें संचालित कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। अचानक दुकान खाली करने का नोटिस मिलने से उनके सामने रोजी-रोटी और भविष्य को लेकर चिंता पैदा हो गई थी। उन्होंने महापौर से मामले में उचित समाधान की मांग की।

जर्जर भवन को लेकर सुरक्षा का हवाला

दुकानदारों की बात सुनने के बाद महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि दुकान खाली करने संबंधी नोटिस का उद्देश्य किसी दुकानदार का व्यवसाय बंद करवाना या उन्हें परेशान करना नहीं है। जेल कॉम्प्लेक्स की जर्जर स्थिति को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से यह कदम उठाया गया है, ताकि किसी अप्रिय घटना या बड़े हादसे की स्थिति न बने।

महापौर ने दुकानदारों से भी अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जर्जर भवन में व्यवसाय के दौरान यदि कोई दुर्घटना होती है तो संबंधित दुकानदार की जिम्मेदारी भी तय हो सकती है।

महापौर बोले- घबराने की जरूरत नहीं

दुकानदारों की चिंता को देखते हुए महापौर ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा, “जब तक मैं हूं, निगम का कोई अधिकारी आपको हटाने नहीं जाएगा।” महापौर के इस आश्वासन के बाद दुकानदारों ने राहत की सांस ली।

पात्र दुकानदारों को भविष्य में प्राथमिकता का भरोसा

महापौर ने कहा कि जिन दुकानदारों ने प्रीमियम राशि जमा कर रखी है और नियमित रूप से किराया जमा कर रहे हैं, साथ ही जिन पर कोई बकाया है वे निर्धारित समय-सीमा में उसका भुगतान कर देते हैं, ऐसे पात्र दुकानदारों को भविष्य में दुकानें उपलब्ध कराने में प्राथमिकता दी जाएगी।

नया कॉम्प्लेक्स बनने पर सुविधाओं का ध्यान

महापौर ने कहा कि यदि जर्जर जेल कॉम्प्लेक्स के स्थान पर नया निर्माण किया जाता है तो दुकानदारों के हितों को ध्यान में रखते हुए पहले से बेहतर, सुरक्षित और सर्वसुविधायुक्त कॉम्प्लेक्स तैयार करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों से अपने व्यवसाय और भविष्य को लेकर अनावश्यक चिंता नहीं करने की अपील की।

आश्वासन के बाद दुकानदारों ने जताया आभार

महापौर के आश्वासन के बाद दुकानदारों ने तालियां बजाकर उनका सम्मान किया और राहत व्यक्त की। दुकानदारों का कहना था कि अचानक मिले नोटिस के बाद वे असमंजस में थे, लेकिन महापौर से मुलाकात के बाद उनकी कई चिंताएं दूर हुई हैं।

जेल कॉम्प्लेक्स का मामला दुकानदारों की आजीविका के साथ-साथ जर्जर भवन से जुड़ी सुरक्षा का भी विषय है। ऐसे में दुकानदारों के व्यवसाय और भविष्य को सुरक्षित रखने के साथ भवन की सुरक्षा को लेकर संतुलित समाधान की जरूरत है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button