रायपुर : नक्सलवाद की समाप्ति के बाद विकास के नए दौर में छत्तीसगढ़, बोले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

युवा मंच कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशिष्टजनों का किया सम्मान
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार शाम राजधानी रायपुर के महोबा बाजार स्थित एक निजी होटल में आयोजित आईटीवी नेटवर्क और इंडिया न्यूज के ‘युवा मंच’ कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति के बाद छत्तीसगढ़ अब समन्वित रूप से विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
सरगुजा से बस्तर तक लक्ष्यकेंद्रित विकास का संकल्प
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के सभी क्षेत्रों के संतुलित और लक्ष्यकेंद्रित विकास के लिए संकल्पित है। सरगुजा से लेकर बस्तर तक विकास की योजनाओं को गति देने और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को आगे बढ़ाने पर सरकार का विशेष ध्यान है।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद लंबे समय तक छत्तीसगढ़ के विकास में बड़ी चुनौती रहा, लेकिन अब इसके प्रभाव से बाहर निकलकर प्रदेश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्टजनों का सम्मान
युवा मंच कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशिष्टजनों को सम्मानित किया। उन्होंने सम्मानित व्यक्तियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में समाज के हर वर्ग और क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सरकार युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने और प्रदेश में विकास की संभावनाओं को विस्तार देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।








